- रणजीत अष्टमी महोत्सव भगवान राम के रंग में रंगेगा, हर मंच पर रहेगी प्रभु श्रीराम। चार दिनी महोत्सव में ध्वजा पूजन, दीपोत्सव, अभिषेक सहित विभिन्न आयोजन।
इंदौर। रणजीत हनुमान मंदिर में चार दिवसीय रणजीत अष्टमी महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। महोत्सव में इस वर्ष कई नवाचार भी नजर आएंगे। 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्रतिष्ठा को देखते हुए महोत्सव भगवान राम को समर्पित रखने की योजना बनाई गई। इसमें प्रभातफेरी में अयोध्या के राम मंदिर का 40 फीट लंबा माडल और राम नाम लिखी 11 हजार ध्वजाएं भी प्रभातफेरी में शामिल होंगी। इसके साथ ही हर स्वागत मंच पर प्रभु राम की तस्वीर होगी।
चार दिनी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण इंटरनेट मीडिया पर होगा। इसकी लिंक भी पूर्व में भक्तों को उपलब्ध कराई जाएगी। आयोजन को स्वरूप देने के लिए भक्त मंडल जुट गया। महोत्सव 1 से 4 जनवरी तक मनाया जाएगा। साल के पहले दिन मंदिर में आराध्य के दर्शन के लिए 50 हजार से अधिक श्रद्धालु जुटते हैं। इस अवसर पर दर्शन व्यवस्था ऐसी हो कि जाएगी की भक्तों को 30 मिनट में दर्शन हो जाए।मुख्य पुजारी दीपेश व्यास के अनुसार महोत्सव की शुरुआत 1 जनवरी को सुबह 11 बजे कलेक्टर डा. इलैयाराजा टी ध्वजारोहण करेंगे। इस मौके पर 11 हजार ध्वजाओं का पूजन किया जाएगा। 2 जनवरी को शाम 6 बजे दीपोत्सव मनाया जाएगा। इसमें हजारों भक्त अपने घरों से लाकर दीपक लगाएंगे। इस वर्ष 11 हजार दीपकों से योजनाबद्ध तरीके से सजावट की जाएगी। रात 8 बजे भजन गायक किशन भक्त की भजन संध्या और आतिशबाजी भी होगी।
3 जनवरी को सुबह 10 बजे रणजीत बाबा की विग्रह मूर्ति का अभिषेक और 51 हजार रक्षासूत्रों को सिद्ध किया जाएगा। इनका वितरण प्रभातफेरी में होगा। 4 जनवरी को सुबह 5 बजे से रणजीत बाबा अपने भक्तों को दर्शन देने मंदिर से स्वर्ण रथ पर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। यात्रा में 7 भजन गायक शामिल रहेंगे और डीजे पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। भक्तों से भगवा रंग के परिधान पहनने का भी निवेदन किया गया है। यात्रा द्रविड़ नगर, महू नाका, अन्नपूर्णा रोड, नरेंद्र तिवारी मार्ग होकर पुनः मंदिर प्रांगण संपन्न होगी।
मंचों पर भी लगेंगी भगवान राम की तस्वीर
मार्ग में लगाए जाने वाले मंच पर इस बार श्रीराम की तस्वीर लगाई जाएगी। मंच लगाने वालों से निवेदन किया जा रहा है कि मंच उतनी ही जगह में लगाएं जिससे की रोड पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत ना हो। यदि मंच से किसी भी प्रकार का प्रसाद वितरित किया जा रहा है तो स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखें।
