भाई से मिलकर लौट रहे परिवार को ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, पत्नी और 6 साल के बेटे की मौत

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

राऊ गोल चौराहे पर गुरुवार शाम 4.30 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। बाइक से जा रहे एक परिवार को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 28 वर्षीय महिला और उसके 6 साल के बेटे की मौत हो गई। पिता व 12 साल का बेटा घायल है। घटना के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर भाग गया। राऊ पुलिस के अनुसार मृतका प्रियंका पति अखिलेश वर्मा और 6 साल का बेटा कुशवीर वर्मा दोनों निवासी पीपल चौक खजराना हैं। जख्मी हालत में अस्पताल पहुंचे पति ने डॉक्टरों को बताया कि वह पीथमपुर में अपने भाई से मिलने गया था। उसके साथ 12 साल का बेटा अनमोल भी था। भाई से मिलने के बाद वे चारों एक ही बाइक से लौट रहे थे। तभी हादसा हो गया।

ट्रक की साइड गिरे, बच्चे के सिर पर पहिया चढ़ा
टीआई नरेंद्र रघुवंशी के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि राऊ गोल चौराहे पर फ्लायओवर का निर्माण हो रहा है। इस वजह से यहां रास्ता संकरा हो गया है। ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के कारण बाइक स्लिप हो गई। बाइक गिरने से पत्नी प्रियंका और बेटा कुशवीर एक तरफ गिरे, जबकि पिता और अनमोल दूसरी तरफ गिरे। कुशवीर का सिर ट्रक के पिछले पहिए में आ गया। उसकी मौके पर मौत हो गई। अस्पताल में मां ने भी दम तोड़ दिया। अखिलेश और अनमोल को चोट आई है। उन्हें एमवायएच रैफर किया है। पुलिस को यह भी पता चला है कि पास में रेती पड़ी थी।

Exit mobile version