सयाजी होटल के सामने कार में सवार छात्र और उसके दोस्तों पर युवती और उसके साथियों ने किया था हमला।
बी-टेक के छात्र मोनू पंवार हत्याकांड में विजय नगर थाना पुलिस ने आरोपित तान्या उर्फ तानिया सहित चार आरोपितों को रिमांड पर लिया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है। उनसे स्कूटर और चाकू जब्त कर लिए हैं।
आदर्श नगर सारंगपुर निवासी 22 वर्षीय मोनू उर्फ प्रभाष पंवार की मंगलवार रात होटल सयाजी के सामने तान्या कुशवाह, छोटू उर्फ तन्मय, ऋतिक और शोभित ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। टीआइ रवींद्र गुर्जर के मुताबिक, चारों आरोपितों को 30 जुलाई तक रिमांड पर लिया है।
कमेंट्स करने पर किया था हमला
गुरुवार को तान्या ने पूछताछ में बताया कि मोनू के दोस्त टीटू से उसकी दोस्ती रही है। वह दोस्तों के साथ स्कूटर से घूम रही थी। इस दौरान टीटू और उसके साथ कार में बैठे रचित ने कमेंट्स किए। तान्या के दोस्त नशे में थे। वह बीबीए की पढ़ाई के साथ कॉल सेंटर में काम करती है। उसके दोस्त सांवेर रोड़ स्थित कॉल सेंटर पर छोड़ने जा रहे थे।रास्ते में कमेंट्स करने पर दोस्तों ने कार का पीछा किया और टीटू व मोनू पर हमला कर दिया। सीने में चाकू लगने से मोनू की मौत हो गई।
