बाइक से कार टकराने पर स्कूल संचालक पर हमला, एंबुलेंस में आए बदमाशों ने पत्नी को घसीटा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

खुड़ैल थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने मारपीट, छेड़छा़ड़ का केस दर्ज किया, स्कूल संचालक को सिर में आए कई टांके।
खुड़ैल थाना क्षेत्र में बाइक सवारों ने स्कूल संचालक पर हमला कर दिया। कार में बैठी पत्नी को पीटा और घसीट दिया। विवाद गाड़ी टकराने की बात पर हुआ था। बदमाश 108 एंबुलेंस में बैठ कर आए थे। पुलिस ने मारपीट, छेड़छाड़ का केस दर्ज किया है। घटना 1 जनवरी की है।

एसआइ सत्येंद्रसिंह सिसौदिया के मुताबिक, घटना उदय नगर रोड स्थित तिल्लौर खुर्द की है। 1 जनवरी को नया हरसूद (खंडवा) निवासी स्कूल संचालक पत्नी को लेने कनाड़िया रोड आए थे। भेरूघाट पर ट्रैफिक जाम होने के कारण वे तिल्लौर खुर्द के रास्ते से हरसूद जा रहे थे। रास्ते में बाइक सवारों ने टक्कर मार कर कार का साइड मिरर तोड़ दिया। बाइक पर दो युवक और एक महिला बैठी थी। गाड़ी टकराने के बाद आरोपितों ने ओवरटेक कर कार रोक ली और रुपये मांगने लगे। नहीं देने पर आरोपित हाथापाई पर उतर आए। काल कर गांव से अन्य लोगों को बुला लिया।

सिर में आए कई टांके
आरोप है कि करीब पांच लोग 108 एंबुलेंस में बैठ कर आए और कार सवार स्कूल संचालक पर लोहे की राड से हमला कर दिया। कार भी फोड़ डाली। स्कूल संचालक की पत्नी के साथ मारपीट की और घसीट कर जख्मी कर दिया। उनकी सोने की चेन भी छीना झपटी में टूट कर गिर गई। गांववालों ने उन्हें बचाया और गंभीर अवस्था में भर्ती कराया। महिला के कान में खून के थक्के जम गए हैं। स्कूल संचालक के सिर में कई टांके आए हैं। उनका परिवार गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा से जुड़ा हुआ है। डा.मिश्रा ने भी कार्रवाई के लिए पुलिस को काल किया था।

Exit mobile version