इंदौर के विजय नगर थाने में सेटिंग कराने के नाम पर ढाई लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस आरोपी युवक-युवती की तलाश कर रही है। दरअसल पुलिस ने पिछले दिनों एक व्यक्ति को फर्जी गुमाश्ता लाइसेंस बनवाने के मामले में पकड़ा था। युवक-युवती ने यह कहते हुए उससे रुपए लिए थे कि वह विजय नगर थाने में उसकी सेटिंग करवा देंगे। फर्जीवाड़े के बारे में फर्जी गुमाश्ता लाइसेंस बनवाने के आरोपी के बेटे ने पुलिस में शिकायत की है।
पुलिस के मुताबिक अंशुल नेगी निवासी प्रभात रेसीडेंसी की शिकायत पर पुलिस ने मुस्कान और समीर के खिलाफ ढाई लाख रुपए ठगने के मामले में केस दर्ज कराया है। अंशुल का आरोप है कि पिता आलोक से पुलिस में सेटिंग कराने के नाम पर दोनों ने उससे ढाई लाख रुपए लिए थे। पुलिस अब मामले में दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।
फर्जी गुमाश्ता लाइसेंस में पकड़ा
विजय नगर पुलिस ने पिछले दिनों फर्जी गुमाश्ता लाइसेंस के मामले में आलोक को पकड़ा था। जिसमें थाने के बाहर मुस्कान और समीर आरोपी के बेटे अंशुल से मिले थे। यहां दोनों ने विजय नगर पुलिस से सेटिंग होने की बात करते हुए सामान्य धारा लगवा कर थाने से जमानत की बात की। जिसमें अंशुल ने उन्हें रुपए दे दिए। लेकिन बाद में आलोक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इसके बाद पुलिस अफसरों से अंशुल ने मामले में शिकायत की थी।
