इंदौर निवासी शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त कार्यालय भोपाल को की थी शिकायत, जिसमें संपत्तियों का ब्योरा भी दिया था। इंदौर में भी है संत्ति।
मध्य प्रदेश में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर रहे पूर्व जेल महानिदेशक संजय चौधरी और उनकी सास के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने केस दर्ज किया है। उनके खिलाफ इंदौर निवासी शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त कार्यालय भोपाल में एक शिकायत दी थी, जिसमें उसने संपत्तियों का ब्योरा भी दिया था।
शिकायतकर्ता का कहना था कि सूची में जो भी संपत्तियां दी गई हैं, उनमें मुख्य रूप से या तो चौधरी की सास के नाम से संपत्ति लिया जाना बताया गया है या उनकी सास द्वारा दी गई आर्थिक सहायता से उस संपत्ति को लिया जाना बताया गया है। सबसे ज्यादा संपत्तियां इंदौर और पुणे में ली गई है। चौधरी परिवहन आयुक्त के पद पर भी रहे हैं।
इंदौर की दो फर्मों में भी साझेदारी का आरोप
लोकायुक्त पुलिस इंदौर के अधिकारियेां ने बताया कि शिकायत के बाद संजय चौधरी एवं उनकी सास प्रेमलता पंचोली के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि इंदौर में दो ऐसी साझेदारी वाली फर्म हैं, जिसमे संजय चौधरी का नाम नहीं है, किंतु वे भी उन्हीं से संबंधित हैं। इसके अलावा चौधरी का इंदौर में प्लाट, दो मकान तथा एक फ्लैट होना भी बताया गया है। वहीं ग्वालियर में भी बेशकीमती प्लाट भी है।
रिश्तेदारों के नाम से ली संपत्ति
अधिकारियों के अनुसा, शिकायत में यह बात भी सामने आई है कि चौधरी ने भोपाल तथा पुणे में भी संपत्ति ली है। पुणे में उनके कई प्लाट और फ्लैट हैं, लेकिन इन सभी संपत्तियों में संजय चौधरी का सीधे नाम नहीं है और उनके निकट रिश्तेदारों का नाम है, लेकिन इसमें पूरा निवेश संजय चौधरी का है। लोकायुक्त पुलिस द्वारा इसकी जांच की गई और इसके बाद विस्तृत जांच के लिए केस दर्ज किया गया है।
