पांच किलोमीटर मैराथन दौड़ के साथ होगी पतंगबाजी, खेलेंगे गिल्ली-डंडा
इंदौर शहर में आज 15 जनवरी को होंगे कई खास कार्यक्रम, पढ़कर बनाएं अपने दिन का प्लान।

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर में धार्मिक-सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों के विभिन्न कार्यक्रम 15 जनवरी को आयोजित किए जाएंगे। मकर संक्रांति के अवसर पर शहर में पतंगबाजी के साथ पारंपरिक खेल गिल्ली-डंडा, सितोलिया, कबड्डी सहित विभिन्न खेलों का आयोजन होगा। मठ-मंदिरों में दान-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का मेला लगेगा। इसके अतिरिक्त तीन दिनी नानी बाई रो मायरो की कथा भी होगी।

  • गुजराती समाज द्वारा पांच किलोमीटर लंबी मैराथन दौड़ सुबह 6.30 बजे एएमएन गुजराती इंग्लिश मीडियम स्कूल विजय नगर से आयोजित की जाएगी। इसके बाद स्कूल में पतंगोत्सव, गुल्ली-डंडा, सितोलिया का भी आयोजन किया जाएगा। गुजराती व्यंजनों के स्टाल, निश्शुल्क पतंग वितरण, घुड़सवारी, झूला चक्री एवं सुमधुर गीत-संगीत की व्यवस्था की गई है।
  • जयगुरुदेव आश्रम तेजाजी नगर में सुबह 8 बजे भक्तों द्वारा ध्यान, सुमिरन व भजन और सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक प्रवचनकारों के प्रवचन होंगे।
  • ढाई द्वीप पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की दो पहिया वाहनों पर आह्वान रैली सुबह 8.30 बजे मारवाड़ी मंदिर से निकलेगी। यह यात्रा लश्करी मंदिर, कांच मंदिर, चंदा प्रभु जिनालय, मल्हारगंज, रामशाह मंदिर, मोदीजी की नसिया, छत्रपति नगर, रामचंद्र नगर, साधना नगर, ओम विहार, पंचबालयती से होते हुए ढाई द्वीप पंचकल्याणक स्थल पर पहुंचेगी।
  • उत्तराखंड यूथ क्लब के तत्वाधान में उत्तरैणी-मकरैणी के त्योहार पर सुबह 10 से शाम 4 बजे तक वीर राजपूत धर्मशाला केदार नगर में मेला लगेगा। इसमें सूर्य को सामूहिक अर्घ्य देने के साथ ही पतंगबाजी, गिल्ली डंडा, सितोलिया के अतिरिक्त लोक संगीत, लोक नृत्य और भजन होंगे। इसमें उत्तराखंड से इंदौर, महू, पीथमपुर, देवास में आकर बसे एक हजार समाजजन भाग लेंगे।
  • महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा मित्र संक्रांति महोत्सव का आयोजन दशहरा मैदान पर सुबह 10.30 बजे से किया जाएगा। बंजारा महिला संगठन द्वारा पतंगबाजी, गिल्ली, डंडा, कबड्डी का आयोजन दशहरा मैदान पर दोपहर 12 बजे से होगा।
  • नानीबाई रो मायरो की कथा उषा नगर स्थित उषाराजे परिसर में दोपहर 3 से 5 बजे तक होगी। इसमें कथावाचक प्रशांत महाराज संबोधित करेंगे।
Exit mobile version