परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा ने दी जान परिजन का आरोप- टीचर से थी परेशान

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

सालभर पहले पन्ना जिले के ग्राम गाडीखर से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने इंदौर आई एक छात्र ने शनिवार को फांसी लगाकर जान दे दी। उसकी रूम मेट ने बताया कोचिंग क्लास में पढ़ाने वाला एक टीचर उसे परेशान कर रहा था। घटना के बाद छात्रा के गांव के आसपास रहने वाले लोगों ने अपने बच्चों को इंदौर छोड़कर लौट आने को कहा है।
भंवरकुआं पुलिस के अनुसार मृतका शैलीसिंह (21) पिता ब्रजकिशोर राजपूत निवासी कृष्णदेव नगर है। वह इंदौर में गांव की ही दूसरी छात्रा सरस्वती के साथ रूम शेयर करती थी। दोनों भंवरकुआं स्थित एक कोचिंग में जाती थीं। शनिवार को सरस्वती कोचिंग चली गई, जबकि शैली घर पर ही रही। दोपहर में सहेली लौटी तो दरवाजा बंद मिला। उसने पड़ोसियों की मदद से पुलिस को सूचना दी। अंदर शैली फंदे पर थी। टीआई शशिकांत चौरसिया ने कहा कि प्रारंभिक तौर पर शिक्षक द्वारा प्रताड़ित करने की जानकारी मिली है। पता चला है कि छात्रा ने सुसाइड के पहले अपना मोबाइल फॉर्मेट कर दिया था।
आज अन्य लोगों के बयान होंगे
शैली के चचेरे भाई ने कहा, सरस्वती ने परिजन को कोचिंग टीचर के बारे में बताया है। उसकी हरकतों से तंग आकर मेरी बहन ने जान दी है। रिश्तेदारों ने बताया कि युवती जहां रहती थी, वहां पन्ना के आसपास के गांव से करीब 50-60 बच्चे रहते हैं। शैली की मौत के बाद परिजन ने अपने बच्चों को इंदौर से वापस आने को कह दिया है। शैली के पिता किसान हैं। परिवार में छोटी बहन और भाई है। मामले में पुलिस अब रविवार को और बयान दर्ज कर जांच शुरू करेगी।

Exit mobile version