ससुराल से परिवार को लेकर लौट रहे एक युवक की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी और दो बच्चे घायल हो गए। उपचार के दौरान पति ने दम तोड़ दिया। पुलिस वाहन की तलाश कर रही है।राऊ पुलिस के अनुसार घटना शनिवार को राऊ-रंगवासा रोड पर हुई। हादसे में 35 वर्षीय शेखर पिता शिवजी परमार निवासी पालिया स्टेशन रोड की मौत हो गई। परिजन ने बताया कि शेखर का रंगवासा में ससुराल है। पत्नी लक्ष्मी व बेटा-बेटी यहां आए हुए थे, जिन्हें लेने के लिए शेखर आया था। ससुराल से 1 किमी दूर शेखर की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। चारों घायलों को राहगीरों ने एमवाय पहुंचाया था।
मकान के पैसे लेकर लापता युवक ने होटल में जहर खाया
मकान बनाने के पैसे लेकर घर से चार दिन से लापता युवक ने एरोड्रम क्षेत्र की एक होटल के कमरे में जहर खा लिया। इसके पहले उसने एक परिचित को मैसेज कर होटल का पता दिया और कहा कि वह आत्महत्या कर रहा है। परिजन उसे बेसुध हालत में अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आत्महत्या का कारण अभी पता नहीं चला है। युवक पर कर्ज होने की बात सामने आई है।
एरोड्रम पुलिस के अनुसार मृतक विद्या पैलेस कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय नीरज पिता महेन्द्र वर्मा है। नीरज मकान बनाने के लिए रखे हुए रुपए लेकर 31 मई को बिना कहे घर से कहीं चला गया था। परिजन ने उसकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी थी। परिजन व पुलिस उसे तलाश रहे थे। बताया जा रहा है कि उसने शनिवार को अपने एक परिचित को मैसेज कर बताया था कि वह एरोड्रम क्षेत्र की एंजल होटल के कमरे में सुसाइड कर रहा है। परिजन पहुंचे तो वह बेसुध पड़ा मिला।
अस्पताल ले गए, लेकिन बचा नहीं नीरज के होटल में होने की जानकारी मिलते ही परिजन तुरंत वहां पहुंचे। वह बेसुध पड़ा था। अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जांच में नीरज पर कर्जा होने व जुए-सट्टे की लत की बात सामने आई है। नीरज के पिता एक बैंक में गार्ड हैं। वे अपना मकान बना रहे थे। उसके निर्माण के लिए पिता ने नीरज को पैसे दिए थे। वह पैसे लेकर चार दिन से गायब था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
