नाइट शिफ्ट कर अस्पताल से घर के लिए निकली नर्स, शौचालय के पीछे मिला शव

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

भंवरकुआं थाना क्षेत्र के आइटी पार्क के पास स्थित शुलभ शौचालय के पीछे सोमवार सुबह एक नर्स का शव संदिग्ध हालत में मिला। नर्स के हाथ में केनुला लगा हुआ था और पास में ही दो खाली इंजेक्शन भी पुलिस को मिले। उधर, नर्स के स्वजन ने हत्या की आशंका जताई है।

पुलिस के अनुसार, दीपिका प्रजापति (23) निवासी तेजाजी नगर का शव सुबह शौचालय के पास मिला। वह पलासिया स्थित निजी अस्पताल में नर्स थी। नाइट ड्यूटी करने के बाद वह सुबह अस्पताल से घर जाने के लिए निकली थी, लेकिन घर नहीं पहुंची। उसका शव शौचालय के पीछे मिला। जहां शव मिला, वह सुनसान जगह है। कोई आता-जाता भी नहीं है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि वह वहां क्या करने गई थी। उसके हाथ में केनुला लगा हुआ था। पास में एक बोतल में थोड़ी सी दवाई भी मिली है। साथ ही दो खाली इंजेक्शन भी पुलिस को मौके से मिले हैं। बाकी शरीर में कोई चोट का निशान नजर नहीं आया है। वह शौचालय के पीछे खुद गई या उसे कोई लेकर गया, फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।

स्वजनों ने लगाया हत्या का आरोप
दीपिका के भाई नितिन ने बताया कि बहन की नाइट शिफ्ट थी, वह सुबह अस्पताल से तेजाजी नगर के लिए लौट रही थी। उस दौरान वह भंवरकुआं थाना क्षेत्र में क्यों उतरी। उसके बाद क्या हुआ, इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। वहीं स्वजन ने आरोप भी लगाया है कि दीपिका की हत्या की गई है। पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टर का कहना है कि संभवतः दीपिका ने खुद को ही इंजेक्शन लगाया होगा, क्योंकि शरीर पर कोई निशान नहीं मिला है। उसने बेहोशी का इंजेक्शन लगाया होगा, ओवरडोज लगाने से भी मौत हो सकती है। दीपिका मूलरूप से खंडवा की रहने वाली है और यहां अपने मामा के घर रहती थी।

Exit mobile version