दो पत्नियों का खर्च उठाने और गिरवी जेवर छुड़ाने के लिए बुजुर्ग ने की चोरी

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

67 वर्षीय बुजुर्ग ने स्कूटर की डिक्की से चुराए थे 98 हजार 700 रुपये। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने किया गिरफ्तार। आरोपित पर पहले भी चोरी का केस दर्ज है।

इंदौर में स्कूटर की डिक्की से 98 हजार 700 रुपये चुराने वाला बुजुर्ग शातिर चोर निकला। उसके खिलाफ पूर्व में भी केस दर्ज है। दो पत्नियों का खर्च उठाने और उनके गिरवी जेवर मुक्त करवाने के लिए उसने चोरी करना कुबूला है। पुलिस ने आरोपित को जेल भिजवा दिया है।

डीसीपी जोन-4 आरकेसिंह के मुताबिक, 29 अगस्त को पलसीकर कालोनी निवासी सुनील कुमार के स्कूटर से 98 हजार 700 रुपये चोरी हुए थे। सुनील माणिकबाग रोड़ स्थित बैंक में आरटीजीएस के लिए गए थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने महालक्ष्मी नगर निवासी 67 वर्षीय राधेश्याम को गिरफ्तार किया।

आरोपित के पास से मिली 20 चाबियां
आरोपित ने बताया उसकी दो पत्नियां हैं। उनके लिए खर्च के पैसे नहीं थे। जेवरात भी गिरवी रखे हुए थे। चोरी के रुपयों से जेवर मुक्त करवाना चाहता था। टीआइ शैलेंद्रसिंह जादौन के मुताबिक, राधेश्याम पर राजेंद्र नगर थाना में भी चोरी का केस दर्ज हो चुका है। आरोपित के पास से 20 चाबियां भी मिली है।

- Advertisement -
Exit mobile version