तीसरी मंजिल से गिरा ट्रांसपोर्टर का बेटा:मां ने कपड़े सुखाने के लिए भेजा, पैर फिसलने से हादसा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


इंदौर के खजराना में तीसरी मंजिल से गिरकर ट्रांसपोर्टर के बेटे की मौत हो गई। मां ने उसे कपड़े सुखाने के लिये कहा था। इस दौरान वह बालकनी में पहुंचा और यहां से उसका पैर फिसल गया। चीख पुकार के बाद मां और छोटा भाई उसे एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरो ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खजराना पुलिस के मुताबिक घटना शनिवार शाम की है। शुभलाभ टॉवर के तीसरे माले के फ्लैट नंबर 315 में रहने वाले शेख डेनियल (24) पुत्र नईमुद्दीन की बालकनी से गिरने से मौत हो गई। पिता नईमुद्दीन ने बताया कि फ्लैट पर उनका छोटा बेटा शेख आसिफ और पत्नी प्रवीणा भी मौजूद थी। आसिफ हॉल में मोबाइल चला रहा था। उन्होंने ही बेटे शेख डेनियल को वॉशिग मशीन से कपड़े निकालकर बालकनी में सुखाने के लिये कहा था।नईमुद्दीन के मुताबिक वह अपने निजी काम से उज्जैन गए हुए थे। सांवेर पहुंचने के दौरान छोटे बेटे ने मोबाइल पर कॉल कर उन्हें बड़े बेटे के गिरने की जानकारी दी थी। शेख डेनियल 10th क्लास तक पढ़ा है। उसके पिता के ट्रॉले का व्यवसाय है। जिसे शेख डेनियल भी संभालता था। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पैर फिसलने की बात ही सामने आ रही है। फिलहाल एफएसएल टीम की भी इस घटना में मदद ली जा रही है।

Exit mobile version