
नई बस्ती आजाद नगर में राजा पंवार ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। वह रानी नामक मुस्लिम महिला के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहता था। रानी उस पर मतांतरण का दबाव बना रही थी। उस पर मकान और प्लाट दिलवाने का दबाव भी बनाया जा रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम किया है। स्वजन के कथन लिए जा रहे हैं।
आजाद नगर थाना पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार रात की है। 35 वर्षीय राजा पुत्र रमेश पंवार वाहन चलाता था। रात में भाई गोलू और भानजे ने पुलिस को कॉल कर घटना बताई। स्वजन अस्पताल भी ले गए, लेकिन डाक्टर ने मृत बता दिया। गोलू के मुताबिक, फिरदौस नगर (आजाद नगर) निवासी रानी तीन साल से राजा के संपर्क में थी। राजा ने उससे शादी तो नहीं की, लेकिन पानी की टंकी के पास उसके साथ रहने लगा था। मुस्लिम होने के कारण स्वजन ने इसका विरोध भी किया था। राजा की पत्नी अंजान और उसके तीन बच्चे उसके पास नहीं रहते थे
मकान पर प्लाट भी मांग रही थी
रानी कुछ दिनों से उस पर मतांतरण (मुस्लिम धर्म अपनाने) का दबाव बना रही थी। उसने कहा था कि पत्नी के रूप में रहती है, इसलिए मकान और प्लाट चाहिए। राजा इस कारण परेशान रहता था। बुधवार को ही उसे लेकर कुछ जगह पर प्लाट देखने गया था। रात में घर आया तो मां इंदूबाई की तबीयत खराब हो गई। राजा थोड़ी देर मां के पास बैठा और उसे डाक्टर के पास भेजा। मां जैसे ही घर के बाहर निकली, राजा ने फांसी लगा ली।
