ट्रांसपोर्ट कारोबारी की हत्या कर दिल्ली भाग गए थे तीन आरोपित, गिरफ्तार

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में पांच अप्रैल को ट्रांसपोर्ट कारोबारी सचिन शर्मा पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई थी। एक आरोपित को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि तीन आरोपित फरार हो गए थे। उन्हें पुलिस ने शनिवार को आगर-उज्जैन मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। पुरानी रंजिश के चलते आरोपित शाहरुख, मोहसिन, पंकज और राहुल ने अन्य साथियों के साथ मिलकर ट्रांसपोर्ट कारोबारी सचिन शर्मा पर चाकू से कई वार कर दिए थे। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने एक आरोपित पंकज को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, फरार आरोपितों को पकड़ने के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था। टीम ने घटना स्थल और शहर के आसपास विभिन्न स्थानों पर करीब 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले। आरोपितों के फरार होने वाले मार्गों का पता कर तकनीकी रूप से निगरानी रखी गई।
दिल्ली भाग गए थे आरोपित
तकनीकी जानाकरी के आधार पर आरोपितों के दिल्ली में होने का पता चला। इस पर एक टीम दिल्ली के लिए रवाना की गई। बाद में मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित दिल्ली से ट्रेन मार्ग के रास्ते रतलाम से होकर बदनावर होते हुए उज्जैन जाने की फिराक में हैं। सूचना पर आगर-उज्जैन रोड़ स्थित एक पेट्रोल पंप के पास से आरोपित शाहरुख निवासी परदेशीपुरा, अल्फेज कुरैशी निवासी परदेशीपुरा, राहूल उर्फ टुंडा निवासी पंचम की फैल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू, वाहन आदि भी जब्त किए हैं।

Exit mobile version