खुड़ैल के दूधिया में सोमवार रात बड़ा हादसा हुआ। टाइल्स से भरे ट्राले ने पांच घरों को ध्वस्त कर दिया। खाट पर सो रहा वृद्ध तो पहिये में फंस गया और उसकी मौत हो गई। पांच बच्चों सहित सात लोग घायल हुए हैं। घायलों को निकालने के लिए पुलिस को एसडीईआरएफ की मदद लेना पड़ी।
पुलिस के मुताबिक, घटना रात करीब एक बजे की है। ट्राला (आरजे 42जीएच 2212) गुजरात से टाइल्स भरकर ओड़िशा की तरफ जा रहा था। तेज रफ्तार में होने के कारण चालक संतुलन नहीं बना पाया और ट्राला शंकरलाल पुत्र घीसालाल के घर में घुस गया। शंकर घर के बाहर खटिया पर सो रहा था। ट्राला टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया और शंकर पहिए में फंस गया।
इसके बाद भी चालक ट्राला संभाल नहीं पाया और राजेंद्र जाट, संजू मिस्त्री, आनंद जाट के घरों में घुस गया। कच्चे मकान होने से मकान भरभरा कर गिए गए। इसमें गोपाल, श्रवण, प्रतीक्षा, पायल सहित सात दब गए। मकान गिरने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। धमाके की आवाज सुनकर लोग पहुंचे। पुलिस ने एसडीईआरएफ को मौके पर बुलाया। बच्चों और महिलाओं को तो निकाल लिया लेकिन शंकरलाल की मौत हो गई। शव निकालने के लिए ट्राला का अगला हिस्सा काटना पड़ा।
