इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में एक लूट का मामला सामने आया है। एक बुजुर्ग से लिफ्ट देने के बहाने एक बदमाश नगद रूपये और एक मोबाइल लूटकर फरार हो गया है। पुलिस ने इस मामले में लूट का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
क्राइम ब्रांच एडीसीपी राजेश डंडोतिया के अनुसार घटना गुरुवार रात की है। फरियादी का नाम 62 वर्षीय लवकुश पिता श्यामलाल ऋषि पैलेस इंदौर है। फरियादी ने अपनी शिकायत में बताया कि वह गुजरात से इंदौर लोटा था और सरवटे बस स्टैंड से अपने घर ऋषि पैलेस जाने के लिए खड़ा था। इसी दौरान एक बिना नंबर के मोटरसाइकिल पर एक युवक उसके पास आया और उसे लिफ्ट देने के बहाने बिठाकर ले गया। आगे जाकर फूटीकोठी एरिया में अज्ञात बदमाश ने उसे उतारा और धमका कर उसके साथ मारपीट की और उसके जेब से 20 हजार रूपये नगद छीन लिए और मोबाइल भी लेकर फरार हो गया।
लूट का शिकार हुए पीड़ित ने देर रात चन्दन नगर थाने मे जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 392 एवं अन्य मामलों में प्रकरण दर्ज कर घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज निकाल कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
