इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल 10वीं के छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। स्वजन का आरोप है कि डाक्टरों की लापरवाही के कारण अमित की मौत हुई है। इस संबंध में वे कलेक्टर इलैया राजा टी से भी मुलाकात कर चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक, अमित पुत्र रिंकू सेन (17) निवासी तलावली चांदा कोचिंग जाने के लिए घर से निकला था। मांगलिया के पहले ही वह किसी वाहन से टकरा गया, जिसके कारण पैर में फ्रैक्चर आ गया था। स्वजन उसे अस्पताल में इलाज के लिए लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
स्वजन का आरोप- अस्पताल वालों की लापरवाही से गई जान
स्वजन का कहना है कि अस्पताल में ठीक हालत में गया था, हमसे बात भी कर रहा था। आपरेशन के पहले भी उसने खुद ही कपड़े बदले थे, लेकिन आपरेशन के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि अस्पताल की लापरवाही के कारण उसकी जान गई है। फिलहाल तीन डाक्टरों की टीम मृतक का पोस्टमार्टम कर रही है, जिसकी वीडियोग्राफी भी की गई। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
