काली पट्टी बांधकर काम करेंगे आज से प्रदेशभर के 10 हजार चिकित्सक

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

अपनी मांगों को लेकर बुधवार से प्रदेशभर में करीब 10 हजार डाक्टर काली पट्टी बांधकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। वहीं दो मई तक मांगे नहीं मानी गई तो डाक्टर हड़ताल पर चले जाएंगे। मप्र राज्य शासकीय/स्वशासी चिकित्सक महासंघ के बैनर तले विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। मंगलवार को आंदोलन की रुपरेखा तय करने के लिए एमजीएम कालेज स्थित पीसीएम हाल में कालेज के डाक्टर और विद्यार्थियों की बैठक रखी गई, जिसमें यह तय हुआ कि सभी काली पट्टी बांधकर काम करेंगे।

अध्यक्ष अरविंद घनघोरिया ने बताया कि हमारी मांग है कि केंद्र सरकार की डीएसीपी (डायनामिक एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन) के तहत हर चाल साल में शासकीय डाक्टरों का प्रमोशन होता है। इस योजना का लाभ देश के सभी प्रदेश के डाक्टरों को मिल रहा है, लेकिन मध्य प्रदेश के डाक्टर अभी भी वंचित है। डीएसीपी प्रदेश में भी लागू की जाना चाहिए। प्रमोशन मिलना शुरू हो जाएगा तो गांवों में भी डाक्टरों की कमी खत्म हो जाएगी। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों की दखलंदाजी बंद हो सहित 32 मांगे हैं, जो हम सरकार को बता चुके हैं। 17 फरवरी को शासकीय चिकित्सकों ने आंदोलन किया था।

इस आंदोलन के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निराकरण के लिए एक माह तक की समय सीमा दी थी। साथ ही हाई पावर कमेटी भी बनाई थी। हमसे जो रिपोर्ट मांगी गई थी, वह भी दे दी गई है, लेकिन उसपर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इसे लेकर प्रदेश के चिकित्सकों में रोष है। सरकार ने जो पुराने वादे किए थे, उन्हें दो माह हो गए हैं। सरकार ने यदि दो मई तक हमारी मांगें नहीं मानी तो तीन मई से हम शासकीय सेवाओं को बंद कर देंगे। बता दें कि डाक्टरों के हड़ताल पर जाने से शासकीय अस्पतालों में मरीजों को इलाज मिलने में परेशानियां आएगी।

Exit mobile version