इंदौर शहर की कनाडिया पुलिस ने मूखबीर की सूचना पर एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। बदमाश के पास से एक अवैध पिस्टल जिंदा कारतूस के साथ बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
शहर के झोन 2 के डीसीपी निमिष अग्रवाल ने बताया कि कमरिया क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि पुलिस को पूर्व में ही मुखबिर द्वारा सूचना मिल चुकी थी कि एक बदमाश खरगोन से अवैध पिस्टल लाकर इंदौर में किसी को बेचने वाला है। पुलिस नें सुचना मिलते ही एक टीम बनाकर घेराबंदी कर क्षेत्र में चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बिचौली हपसी बायपास रोड पुल के यहां पुलिस नें 40 वर्षीय अर्जुन पिता अशोक हाडा को पिस्टल सहित गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि बदमाश आदतन अपराधी है। पूर्व के भी उसके खिलाफ कई अपराध विभिन्न स्थानों में दर्ज है। हालांकि पुलिस ने 25 आर्म्स एक्ट एवं अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
