संभागायुक्त मालसिंह भयड़िया ने मंगलवार को संभागायुक्त कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया।
नवनियुक्त संभागायुक्त मालसिंह भयड़िया एमवाय हास्पिटल के अचानक निरीक्षण पर पहुंचे। समय पर डॉक्टर उपस्थित न होने पर नोटिस और सस्पेंड करने के दिए निर्देश।
संभागायुक्त मालसिंह भयड़िया ने मंगलवार को संभागायुक्त कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। नवागत संभागायुक्त ने इस दौरान अव्यवस्थाओं, सफाई, मरीजों की परेशानी और डाक्टरों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने लापरवाहों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने नई ओपीडी के एक-एक विभाग में जाकर व्यवस्थाएं देखी। उन्होंने डीन डाक्टर संजय दीक्षित, अधीक्षक डा. पीएस ठाकुर को व्यस्थाओं में सुधार लाने की सख़्त हिदायत दी।
संभागायुक्त बुधवार को सुबह नौ बजे ही एमवायएच की नई ओपीडी में पहुंच गए। सबसे पहले उन्होंने मरीजों के लिए बनाई जा रही पर्ची के बारे में जानकारी काउंटर से ली। खामियां पाई जाने पर सुधार की बात कही। इसके बाद वे पहली मंजिल पर स्थित विभागों में पहुंचे, वहां पर उन्हें कई डॉक्टरों की कुर्सियां खाली मिली।
ड्यूटी समय पर डॉक्टरों और प्रभारियों की अनुपस्थिती पर गंभीर नाराजगी जताते हुए कहा कि व्यवस्थाएं शीघ्र सुधारे लापरवाही बिल्कुल नहीं चलेगी। मरीजों को परेशानी नही होना चाहिए। दूसरी मंजिल के नेत्र रोग विभाग, ईएनटी विभाग और श्वसन विभाग में पहुंचकर जायजा लिया। नेत्र रोग में कंम्यूटर खराब होने की जानकारी पर प्रभारी को डांट लगाई। इस दौरान मरीजों ने भी अपनी परेशानी उन्हे बताई। तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे अभी सिर्फ ओपीडी को ही देख रहे है। बाद में पूरे अस्पताल का सघन दौरा करूंगा। सफाई और लिफ्ट व्यवस्था पर भी वे गंभीर दिखे इसे दुरूस्त करने को कहा।
इन पर होगी कार्यवाही
संभागायुक्त ने ड्यूटी समय पर उपस्थित नहीं होने वाले लापरवाह डाक्टरों पर सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होने डा. अंकित मेश्राम, डा. बीपी पांडेय, डा. अभय पालीवाल, डा. प्रदीप कुर्मी, डा. पद्मिनी चौहान, डा. पीयुष कुमार पचौलिया, डा. राजा गुलफाम शेख, डा. जुबिन सोनाने को नोटिस जारी कर कड़ी कार्यवाही के निर्देश डीन व संबंधित अधिकारियों को दिए।
