इंदौर की खजराना पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ तीन आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के पास से करीब डेढ़ लाख रुपए से ज्यादा कीमत की ब्राउन शुगर जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ड्रग पैडलर हैं। फिलहाल उनसे अन्य पैडलर्स के बारे में जानकारी निकाली जा रही है।
TI दिनेश वर्मा के मुताबिक उन्हें सूचना मिली थी कि राहुल पुत्र अंबाराम गंगारे निवासी राम कृष्ण बाग कॉलोनी, तुषार पुत्र सुखीराम रायपुरिया निवासी राम कृष्ण बाग कॉलोनी और अजय पुत्र संतोष चौहान ब्राउन शुगर बेचते हैं। गुरुवार को जानकारी मिली कि तीनों माल लेकर खजराना चौराहे के पास से निकलने वाले हैं। यहां पाइंट लगाकर उन्हें पकड़ा गया। आरोपियों के पास से एक्टिवा की डिक्की में रखी करीब 8 ग्राम ब्राउन शुगर मिली है। आरोपी पहले खुद को मजदूर बता रहे थे। उन्होंने बताया कि पिछले कई माह से गाड़ी पर घूमते-फिरते वह डिलीवरी देते थे। पुलिस आरोपियों से ब्राउन शुगर खरीदने वालों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
