इंदौर। मध्यप्रदेश से अजब-गजब घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं. इंदौर पुलिस कमिश्नर बनकर 12वीं पास एक युवक ने 3 थानों के टीआई को फोन लगा दिया. उसने थाना प्रभारी को कॉल कर कहा कि मकरंद देऊस्कर बोल रहा हूं. कहां हो. थाने पहुंचो आ रहा हूं. इसके बाद टीआई, एसीपी थाने पहुंचकर घंटों इंतजार करते रहे. जब पुलिस कमिश्नर नहीं पहुंचे, तो वरिष्ठ अधिकारियों ने मोबाइल नंबर की लोकेशन निकालने को कहा. तब पता चला कि आरोपी भोपाल में बैठा हुआ है. जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने यूट्यूब से वीडियो देखकर पुलिस कमिश्नर मकरंद देऊस्कर की बोलने की स्टाइल कॉपी की थी.
दरअसल शनिवार दोपहर को इंदौर के चंदन नगर थाना प्रभारी मनीष मिश्रा के पास एक अननोन नंबर से कॉल आया. उसने कहा कि इंदौर पुलिस कमिश्नर मकरंद देऊस्कर बोल रहा हूं. आप कहां पर हैं. इसके बाद थाना प्रभारी ने जवाब दिया कि मैं शासकीय कार्य से कहीं बाहर आया हुआ हूं. पुलिस कमिश्नर ने कहा कि तुरंत थाने पहुंचो हम आ रहे हैं. इसके बाद टीआई ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में मामला डाला और एसीपी भी चंदन नगर थाने पहुंच गई. लगभग 2 घंटे इंतजार के बाद भी पुलिस कमिश्नर मकरंद देऊस्कर थाने नहीं पहुंचे.
MP में पुलिसकर्मियों की कार को डंपर ने मारी टक्कर, हादसे में एक आरक्षक की मौत, दो घायल
इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई. जब नंबर की लोकेशन निकाली गई, तो वह नंबर भोपाल की दिखी. इंदौर पुलिस कमिश्नर ने पूरे मामले में संज्ञान लेते हुए नकली पुलिस कमिश्नर को पकड़ने के आदेश दिए. इंदौर से टीम भोपाल पहुंची और आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार कर इंदौर लाया गया. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ओम पिता प्रदीप सोनी निवासी गुलमोहर ईश्वर नगर भोपाल बताया.
जब उससे पूछा गया कि उसने ऐसा क्यों किया, तब आरोपी ने बताया कि वह पुलिस का रिस्पांस टाइम चेक करना चाह रहा था. जिस कारण उसने इस पूरी घटना को अंजाम दिया. थाना प्रभारी को भी यह समझ नहीं आया था कि फर्जी पुलिस कमिश्नर बात कर रहे हैं, क्योंकि युवक ने इंदौर पुलिस कमिश्नर मकरंद देऊस्कर के कई वीडियो यूट्यूब पर देखे थे और उन्हें ही कॉपी कर कर थाना प्रभारी को फोन लगाया था.
अब पुलिस ने पूरे मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है. उसके साथ ही उसका जब्त मोबाइल की भी डाटा रिकवरी के लिए भेजा जा रहा है. संभावना जताई जा रही है कि इंदौर के और भी ऐसे थाने प्रभारी होंगे, जिन्हें कॉल कर युवक ने थाने बुलाया होगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है.
