इंदौर का ट्रैफिक विषय पर प्रेस क्लब में हुआ संवाद, साल के आखिरी दिन हुए संवाद कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने दिए सुझाव।
इंदौर की सबसे प्रमुख और ज्वलंत समस्या यातायात को लेकर साल के आखिरी दिन शनिवार को प्रेस क्लब में ट्रैफिक विषय पर संवाद हुआ। इसमें विशेषज्ञों ने स्मार्ट सिग्नल, ट्रैफिक इंजीनियरिंग, ट्रैफिक शिक्षा, अतिक्रमण और लोक परिवहन को बढ़ावा देने जैसे सुझाव रखे। घरों के बाहर सड़क पर खड़े वाहनों से शुल्क वसूलने के सुझाव भी आए। सभी के विचारों को सुनते हुए महापौर ने प्रवासी भारतीय सम्मेलन के बाद ट्रैफिक सेल बनाने की बात कही, जो शहर के बिगड़े हुए यातायात को सुधारने के लिए काम करेगी।
नए साल के नए संकल्प के साथ प्रेस क्लब में प्रबुद्धजन ने इंदौर के यातायात को सुगम बनाने को लेकर सार्थक चर्चा की। बैठक में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि शहर को अब तोड़ने की गुंजाइश नहीं है, इसलिए अब पैदल और साइकिल पर चलने की आदत डालनी होगी। मुख्य सड़कों से ज्यादा गलियों में वाहन खड़े हैं, इसलिए पहले गलियों में पार्किंग के स्थान खोजने होंगे।
पार्किंग स्थल बढ़ाए जाएं
सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि आने वाले पचास साल के विजन को लेकर काम करना होगा। इसके लिए मेट्रो का सर्वे इंदौर से उज्जैन, महू, देवास के लिए किया गया है। विगत कई माह से हम इस पर मंथन कर रहे हैं। आगामी माह में इसमें सुधार दिखेगा। इंदौर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि शहर में पार्किंग के लिए ज्यादा जगह होना चाहिए। हर माह बैठक आयोजित कर प्राप्त सुझावों में से दस सुझावों पर हर माह काम किया जाए। अगले माह बैठक में फिर दस नए सुझावों को प्राथमिकता में रखा जाए।
लोक परिवहन को उपयोगी बनाना होगा
कलेक्टर इलैया राजा टी ने कहा कि दूसरे शहरों में बीआरटीएस फेल हो गया, लेकिन इंदौर में अभी भी इसकी उपयोगिता बहुत है। इंदौर में लोक परिवहन को ज्यादा बढ़ाना होगा। सिग्नल को ठीक कर रेड लाइन सुधारनी होगी। समस्या के समाधान के लिए सभी विभाग और संगठनों को शामिल होकर चर्चा करनी चाहिए। इसमें ठेलेवाले, आटो चालक भी शामिल हों। हर शनिवार को जिला प्रशासन ट्रैफिक को लेकर चर्चा करेगा।
सड़कों पर क्षमता से तीन गुना ज्यादा वाहन
डीसीपी ट्रैफिक महेशचंद जैन का कहना था कि इंदौर में सड़कों की क्षमता से तीन गुना ज्यादा वाहन हैं, जबकि ट्रैफिक कर्मी कम हैं। ऐसे में नगर निगम को दैनिक वेतन पर एक हजार निजी ट्रैफिक मित्र रखना चाहिए। यह ट्रैफिक पुलिस के साथ काम करेंगे। बाजारों में रेड और यलो लाइन बनाकर ट्रैफिक को सुधारा जा सकता है।
ये सुझाव भी हुए प्राप्त
बैठक में अभ्यास मंडल के रामेश्वर गुप्ता ने कहा कि सड़कों को ठीक करने की जरूरत है, इसके लिए लेफ्ट टर्न सुधारे जाएं।
किशोर कोडवानी ने कहा कि ट्रैफिक सेल को फिर से गठित किया जाए। इसमें शामिल विशेषज्ञ ट्रैफिक सुधार के लिए काम करेंगे। चालान में वसूली जाने वाली राशि ट्रैफिक सुधार में खर्च हो।
सियागंज व्यापारी संघ के अध्यक्ष रमेश खंडेलवाल ने कहा कि व्यवस्थित यातायात के लिए वनवे को सुधारा जाए। अभी वनवे में ट्रैफिक दोनों ओर से चालू रहता है।
पूर्व निगमायुक्त सीबी सिंह का कहना था कि स्कूलों में ही ट्रैफिक को लेकर पढ़ाई शुरू की जाए, ताकि बच्चों में बचपन से ही ट्रैफिक को लेकर जागरूकता रहे।
