मसाला कारोबारी वीरेंद्र सेन ने वीडियो में इंदौर पुलिस कमिश्नर से लगाई आरोपितों को सजा दिलाने की गुहार।
आजाद नगर थाना क्षेत्र में मसाला कारोबारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के पूर्व उसने एक वीडियो बनाया था। इसमें सूदखोरों पर बर्बाद करने का आरोप लगाया है। लाखों रुपये वसूलने के बाद भी मुकदमे लगा रहे थे।
एएसआइ भेरूसिंह डिंडोर के मुताबिक,
साहिल नगर मूसाखेड़ी निवासी 35 वर्षीय वीरेंद्र पुत्र रामगुलाम सेन ने गोदाम में फांसी लगाई है। वह मिर्च-मसाला का कारोबार करता था। वीरेंद्र ने रोते हुए एक वीडियो बनाया था। इसमें वह शंकर शर्मा, राजू शर्मा और सुनील रायकवार पर प्रताड़ना और सूदखोरी का आरोप लगा रहा है।
चक्रवर्ती ब्याज लेने के बाद भी के लगा दिया
रिश्तेदार विनोद वर्मा के मुताबिक, तीनों आरोपितों ने उससे ब्याज के रूप में लाखों रुपये वसूले हैं। चक्रवर्ती ब्याज लेने के बाद उसके खिलाफ चेक बाउंस के केस लगा दिए थे। वीरेंद्र मानसिक रूप से परेशान हो गया था। घर की आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी। परेशान होकर उसे जान देना पड़ी। उसके दो छोटे बच्चे है। पत्नी की मनोस्थिति ठीक नहीं है।
यह कहा वीडियो में
माननीय कमिश्नर महोदय मैं इन लोगों से बहुत त्रस्त हो चुका हूं। मैं मरना नहीं चाहता। क्या करूं ये लोग जीने नहीं दे रहे हैं। मेरा पूरा घर बर्बाद कर दिया। मेरे गांव की जमीन बिकवा दी। दुकान बिकवा दी। इसके बाद भी ये लोग जीने नहीं दे रहे हैं। न काम करने दे रहे हैं। गोदाम पर आकर गालियां देते हैं। बहुत परेशान हो गया हूं। एक साल से बच्चों की फीस नहीं भर पा रहा हूं। शंकर शर्मा, राजू शर्मा, सुनील रायकवार इन तीनों ने बर्बाद कर दिया। वर्ष 2016 से मूल भी दिया और 10 प्रतिशत ब्याज भी। फिर भी लाखों रुपयों का केस लगाकर बैठे हैं। प्लीज सर, मेरे बाद मेरे परिवार को कोई परेशान न करें। आपसे हाथ जोड़कर विनती करता हूं। (जैसा वीरेंद्र ने सुसाइड के पहले वीडियो में कहा)
