वार्ड स्तरीय स्वच्छता प्रतियोगिता और स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 के लिए इंदौर को तैयार करने के उद्देश्य से राजस्व प्रभारी निरंजन सिंह चौहान ने मंगलवार को रिमूवल और कोंदवाड़ा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक ली। इसमें फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त करने, प्रमुख बाजारों व मार्गों पर यातायात व्यवस्थित करने, मुख्य रूप पर मार्ग संकेतक लगाने, जेन्ट्री गेट, विद्युत खंभों, डिवाइडरों पर फ्लैक्स, होर्डिंग आदि लगाकर सुंदरता बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में ये निर्देश दिए गए
सभी फुटपाथ अतिक्रमण मुक्त किए जाएं। दुकानदारों द्वारा दुकान का सामान फुटपाथ पर पाए जाने पर मुनादी कर समझाया जाए। इसके बाद भी नहीं माने तो कठोर कार्रवाई की जाए।
चलित ठेलों, फेरी लगाकर सब्जी-फल और अन्य सामग्री का विक्रय मोहल्लों और कालोनियों में ही किया जाए। शहर के प्रमुख सड़कों पर यातायात व आवागमन बाधित करने वालों को समझाइश दी जाए।
राजवाड़ा, गोपाल मंदिर, शीतला माता बाजार सहित सभी प्रमुखों मार्गों पर दुकानदारों द्वारा कपड़े लटकाकर सड़क पर सामान रख आवागमन बाधित करने वाले व्यापारियों को समझाइश दी जाए। न मानने पर कठोर कार्रवाई की जाए।
कुशवाह नगर, प्रजापत नगर, द्वारकापुरी, इतवारिया बाजार, चंदन नगर, मूसाखेड़ी रोड, तिलक नगर, बंगाली चौराहा के आसपास की बस्तियां सहित शहर की सभी सघन बस्तियों एवं कालोनियों में सड़क पर ठेले एवं सामग्री रखकर व्यापार करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
