- टीवी में धमाका हुआ था और घर में रखे सैनेटाइजर ने आग पकड़ ली।
- देवास नाका स्थित टाउनशिप में रहने वाले मैनेजर के फ्लैट में गुरुवार को आग लग गई।
- पुलिस को शक है कि स्वाति ने आत्महत्या की है। फोरेंसिक विशेषज्ञ जांच कर रहे हैं।
- पुलिस के मुताबिक स्वाति ने आत्महत्या की है।
इंदौर। देवास नाका स्थित टाउनशिप में रहने वाले इप्का लैबोरेटरी के मैनेजर दिलीप फड़नीस के फ्लैट में गुरुवार को आग लग गई। उनकी पत्नी स्वाति की जलने से मौत हो गई। पुलिस को शक है कि स्वाति ने आत्महत्या की है। फोरेंसिक विशेषज्ञ जांच कर रहे हैं।
एसीपी शिवपालसिंह कुशवाह के मुताबिक घटना रास टाउनशिप (पंचवटी) की है। दिलीप फड़नीस का चौथी मंजिल पर फ्लैट है। बड़ी बेटी माधुरी उदयपुर में नौकरी करती है। छोटी बेटी यशस्वी कोचिंग जाती है। दिलीप तय समय पर आफिस चले जाते हैं। रिश्तेदार नारायण कोपरगांवकर के मुताबिक स्वाति का मनोरोग विशेषज्ञ उपचार कर रहे हैं। यशस्वी दोपहर करीब दो बजे कोचिंग चली गई थी। शाम सवा पांच बजे उनकी पड़ोसी अश्वनी ने फ्लैट से धुआं देखा और अन्य रहवासियों को एकत्र किया।
स्वाति को आवाज लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं आया। फ्लैट अंदर से बंद था। सूचना पर फायर ब्रिगेड के एसआइ एसएन दुबे पहुंचे और दरवाजा तोड़ कर आग बुझाई। टीआइ तारेश सोनी भी मौके पर पहुंच गए। स्वाति हाल में मृत अवस्था में मिली थी। हाल का टीवी व फर्नीचर जला हुआ था। मोबाइल दूसरे रूम में था। पुलिस के मुताबिक स्वाति ने आत्महत्या की है। आग लगने से जलने की संभावना कम है।
इधर, बेटी ने आत्महत्या से इन्कार किया। उसने बताया कि टीवी में धमाका हुआ था और घर में रखे सैनेटाइजर ने आग पकड़ ली।
