इंदौर में एयरफोर्स के सेवानिवृत्त अधिकारी की पत्नी को लूटा, स्कूटर से गिरने से घायल

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read


आकाशवाणी से श्रमिक कालोनी के बीच हुई घटना। बदमाश महिला से बैग छीन ले गया। उसमें रुपये, सोने की चेन और मोबाइल रखा था।
बाइक सवार बदमाश ने एयरफोर्स के सेवानिवृत्त अधिकारी की पत्नी को लूट लिया। बदमाश द्वारा झपट्टा मारने के दौरान महिला स्कूटर से गिर गई, जिससे वो घायल हो गई। स्कूटर उनकी बेटी चला रही थी।
राऊ थाना पुलिस के मुताबिक, घटना आकाशवाणी से श्रमिक कालोनी के बीच की है। समर्थ पार्क कालोनी निवासी 63 वर्षीय आशा शर्मा के साथ घटना हुई है। उनके पति अजय कुमार शर्मा एयरफोर्स से सेवानिवृत्त हुए हैं। आशा शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे बेटी मृगनयनी के साथ निपानिया गई थी।
बैग छीन ले गया बदमाश
निपानिया से लौटते वक्त बाइक सवार बदमाश ने उनका पर्स छीनने की कोशिश की। बदमाश ने जोर से झपट्टा मारा तो स्कूटर असंतुलित हो गया और मां-बेटी गिर गई। इससे आशा के हाथ-पैर में चोट आई है। आरोपित पर्स छीनकर भाग गया। उसमें रुपये, सोने की चेन, मोबाइल आदि रखा था। राऊ थाना पुलिस बदमाश की तलाश कर रही है।

Exit mobile version