इंदौर के नंदलालपुरा शापिंग काम्पलेक्स में शिफ्ट होंगी शिवाजी मार्केट की दुकानें

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

126 दुकानदारों में से 103 ने जमा करवाए दस्तावेज। नगर निगम मुख्यालय के सामने विकसित किया जाएगा रिवर फ्रंट।
इंदौर। नगर निगम ने करीब 40 वर्ष पुराने शिवाजी मार्केट की दुकानों को तोड़ने की तैयारी शुरू कर दी हैं। जल्द ही यहां की दुकानें नंदलालपुरा शापिंग काम्प्लेक्स में शिफ्ट होंगी। महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम के राजस्व समिति प्रभारी निरंजन सिंह चौहान ने मार्केट विभाग के अधिकारियों को इससे जुड़े दस्तावेजों के सत्यापन के निर्देश दिए हैं।मार्केट विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में शिवाजी मार्केट के 126 दुकानदारों में से 103 ने दस्तावेज जमा करा दिए हैं। दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने अभी सिर्फ दस्तावेज जमा कराए हैं। निगम जिस नंदलालपुरा काम्प्लेक्स में उन्हें शिफ्ट करने जा रहा है, वह व्यापार के हिसाब से सही जगह नहीं है। वे महापौर से मिलकर अपनी बात उनके सामने रखेंगे।

नगर निगम ने करीब 40 वर्ष पहले शिवाजी मार्केट, जिसे भाई नारायण सिंह सपूत मार्केट भी कहा जाता है का निर्माण किया था। कान्ह रिवर फ्रंट के लिए नगर निगम द्वारा सुंदरीकरण का कार्य किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट के तहत कान्ह नदी शुद्धीकरण के साथ इसके तटों पर सुंदरीकरण का कार्य भी किया जा रहा है। इसी तारतम्य में नगर निगम मुख्यालय के सामने स्थित शिवाजी मार्केट को तोड़ा जाना है। यहां के दुकानदारों को नंदलालपुरा स्थित नवनिर्मित शापिंग काम्प्लेक्स में शिफ्ट किया जाना है।

बढ़ेगी रिवर फ्रंट की खूबसूरती
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि शिवाजी मार्केट हटाने से रिवर फ्रंट की खूबसूरती बढ़ जाएगी। संजय सेतु से आने वाला यह घाट नगर निगम चौराहे तक एक जैसा दिखने लगेगा। नगर निगम ने फव्वारे लगाकर कान्ह नदी के दोनों किनारों पर बगीचे विकसित कर दिए है, लेकिन शिवाजी मार्केट की वजह से यह खूबसूरती नजर नहीं आती है।

शिवाजी मार्केट में 126 दुकानें है। इन्हें नगर निगम आवंटित किया गया था। हमने इन दुकानों को शापिंग काम्पलेक्स नंदलालपुरा में शिफ्ट करने की तैयारी कर ली है। दुकानदारों की सुविधा के लिए लगाए गए शिविर में 103 दुकानदारों ने आवेदन दिए हैं। इनके दस्तावेजों की जांच के बाद इन्हें शिफ्ट किया जाएगा।

- Advertisement -
  • निरंजन सिंह चौहान गुड्डू, राजस्व समिति प्रभारी
    हमने शिविर में दुकान के दस्तावेज जमा कराए हैं। हम नंदलालपुरा काम्पलेक्स में शिफ्ट होने के लिए तैयार नहीं है। अगर नगर निगम कोई बेहतर वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराता है तो हम शिफ्ट हो सकते हैं।
  • महेंद्र मोरयानी, पूर्व अध्यक्ष शिवाजी मार्केट व्यापारी एसोसिएशन
Exit mobile version