इंदौर के आरके अस्पताल में तोड़फोड़, मरीज के स्वजन ने कर्मचारियों को पीटा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

संयोगितागंज थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ दर्ज किया केस, अस्पताल पर इलाज के ज्यादा रुपये मांगने का आरोप।
नौलखा स्थित आरके अस्पताल में मरीज के स्वजन और कर्मचारियों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के साथ खूब मारपीट की। अस्पताल में तोड़फोड़ भी हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है अस्पताल प्रबंधन इलाज के ज्यादा रुपये मांग रहा था।

संयोगितागंज पुलिस के मुताबिक, सुनील जाधव निवासी बेगमखेड़ी ने ऋषभ, कृति, दीपिका के खिलाफ रिपोर्ट लिखवाई है। सुनील के रिश्तेदार राहुल को आरके अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। बायपास पर टायर फटने से राहुल जख्मी हो गया था। डाक्टर ने दोनों हाथों का आपरेशन करने की सलाह दी। यह भी कहा कि इलाज में 3 लाख 50 हजार रुपये खर्च आएगा। आयुष्मान योजना में पांच लाख रुपये का बिल बनाने का आश्वासन दिया और एक फार्म पर हस्ताक्षर करवा लिए। इसके बाद भी 1 लाख 85 हजार रुपये का अतिरिक्त खर्च बताया।

छुट्टी करवाने की बात पर भड़के कर्मचारी
सुनील ने जीजा को कॉल कर बताया तो उन्होंने कहा कि राहुल की छुट्टी करवा लो। इस पर कर्मचारी ऋषभ व स्टाफ भड़क गया और अपशब्दों का प्रयोग किया। स्वजन के साथ मारपीट भी कर दी। दूसरी तरफ अस्पतालकर्मी क्रांति ने सीमा सोलंकी, सुनील जाधव के खिलाफ मारपीट और तोड़फोड़ का केस दर्ज करवाया। क्रांति ने कहा कि वह कर्मचारी ऋषभ पाटीदार, योगेंद्र सिंह के साथ रिसेप्शन पर थी, तब उसके साथ मारपीट की और कंप्यूटर फोड़ दिए। गमला और अन्य सामान भी फेंक दिया। पूरी घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं

Exit mobile version