पुलिस ने पूरे शहर में काम्बिंग गश्त की, आपारधिक गतिविधियों में लिप्त बदमाशों के घर मारे छापे। अपराध न करने की दी हिदायत।
इंदौर की पुलिस शुक्रवार को एक बार फिर एक्शन में नजर आई। पुलिस ने आपारधिक गतिविधियों में लिप्त बदमाशों के घर छापे मारे। कई के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। उन्हें चौराहे पर ही कोर्ट का आदेश पढ़कर सुनाया। इस दौरान भीड़ जमा हो गई। पुलिस की इस कार्रवाई से जनता खुश नजर आई। जो बदमाश मोहल्ले में रंगबाजी करते थे, उनके चेहरे का रंग उड़ गया था।
पुलिस आयुक्त मकरंद देऊस्कर के मुताबिक, आगामी त्योहारों को देखते हुए इंदौर के चारों जोन में डीसीपी ने कांबिंग गश्त की। रात करीब 10 बजे डीसीपी ने अपने-अपने क्षेत्र के थाना प्रभारियों को बुलाया और क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों तथा बदमाशों के घरों में सर्चिंग की
तीन साल में कोई अपराध किया तो खैर नहीं
अन्नपूर्णा एसीपी नीति दंडोतिया अमला लेकर द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में पहुंची। एसीपी ने ऋषि पैलेस कालोनी में गुंडे बिट्टू पुत्र चमन को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की सूचना दी। एसीपी ने कहा कि डीसीपी जोन-4 की कोर्ट ने तीन साल के लिए बाउंड ओवर किया है। इस अवधि में अपराध किया तो दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 122 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत प्रतिभूति राशि 50 हजार रुपये जब्त जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
