आज जिला न्यायालय इन्दौर में ईकोर्ट फीस काउंटर प्रारम्भ हुआ….कियोस्क सेन्टर के संचालकों की मनमानी पर अंकुश लगेगा…

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
  • कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना पड़ेगा….
  • केवल ई-पेमेंट होगा…
  • नगद भुगतान स्वीकार्य नहीं होगा

इन्दौर अभिभाषक संघ इन्दौर के अध्यक्ष गोपाल कचोलिया और सचिव घनश्याम गुप्ता ने बताया है कि जिला न्यायालय परिसर इन्दौर में वकीलों और पक्षकारों की सुविधा के लिए इन्दौर अभिभाषक संघ इन्दौर की मांग पर आज से ई कोर्ट फीस काउंटर प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश, श्री सुबोध कुमार जैन द्वारा प्रारम्भ करवाया गया।इस काउंटर पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जायेगा।

गौरतलब है कि एम. पी. आनलाईन के कियोस्क सेन्टर पर संचालकों द्वारा न्यायालयों द्वारा निर्धारित शुल्क, दण्ड, जुर्माना आदि की धनराशि सम्बन्धित खाते में जमा करने के लिए मनमाना शुल्क वसूल किया जा रहा था, जिससे वकीलों और पक्षकारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।इसलिए इन्दौर अभिभाषक संघ इन्दौर ने मांग की थी कि जिला न्यायालय परिसर, इन्दौर में ही न्यायशुल्क,दण्ड, जुर्माना आदि आदि जमा करवाने के लिए उचित व्यवस्था करवाई जाये। प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश महोदय ने जिला न्यायालय इन्दौर के कंप्यूटर अनुभाग के प्रभारी अधिकारी श्री गंगा चरण दुबे (विशेष न्यायाधीश) को इस समस्या को दूर करने का निर्देश दिया और उन्होंने इस काउंटर की व्यवस्था करवा दी, जिसका शुभारंभ आज दोपहर 02:00 जिला न्यायालय परिसर ,इन्दौर में प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश महोदय, श्री सुबोध कुमार जैन और इन्दौर अभिभाषक संघ इन्दौर के अध्यक्ष गोपाल कचोलिया ने किया ।

इन्दौर अभिभाषक संघ इन्दौर के गोपाल कचोलिया, मनोहर सिंह पंडितिया ,घनश्याम गुप्ता ,सन्दीप शर्मा, रत्नेश पाल, श्रवण मिश्रा, भावना कुरील ,सौरभ वर्मा ,अतुल त्रिवेदी ,सविता तिवारी, सौरभ डीघे ने यह काउंटर खोलने के लिए आभार व्यक्त किया है।

Exit mobile version