एरोड्रम थाना पुलिस ने अंकित बजरंगी की हत्या में रिश्तेदार महिला को गिरफ्तार कर लिया है। विवाद के बाद उसने चाकू से हमला कर दिया था। हालांकि, महिला अभी भी बयान बदल रही है। अंकित उज्जैन के बड़नगर का बदमाश था। उसके विरुद्ध कई अपराध दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, दुर्गा कालोनी निवासी महिला के घर अंकित बजरंगी का आना-जाना था। लाकडाउन में वह महिला के घर पर ही रुका था। इस दौरान दोनों के संबंध बन गए। महिला के पति की जूते-चप्पल की दुकान है। अंकित महिला पर अधिकार जमाने लगा था। वह साथ चलने की जिद कर रहा था। महिला ने इसका विरोध किया तो चाकू से हमला कर दिया। महिला ने भी बचाव में उसे चाकू मार दिया।
बार-बार बयान बदल रही महिला
एडिशनल डीसीपी जोन-1 जयवीर सिंह भदौरिया के मुताबिक, महिला बार-बार कथन बदल रही है। मंगलवार को घटना का नाट्य रूपांतरण करवाया गया। शार्ट पीएम रिपोर्ट भी प्राप्त कर ली गई है। रिपोर्ट में चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है।
