होटल में एंट्री रोकने पर पूर्व डीएसपी के बेटे पर हमला

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

मारपीट कर सोने की चेन और हीरे के टाप्स छीने, कार में की तोड़फोड़, पुलिस ने सामान्य धारा में दर्ज किया केस।
इंदौर के बायपास पर दो बदमाशों ने रेस्त्रां संचालक अत्रभवान सिंह भदौरिया पर हमला कर दिया। उसकी कार में तोड़फोड़ कर डाली। सोने की चेन और हीरे के टाप्स भी छीन लिए। आरोपितों पर कई अपराध पंजीबद्ध हैं। अत्रभवान सिंह ने रेस्त्रां में आने पर रोक लगा दी थी।
कनाड़िया थाना पुलिस के मुताबिक, अत्रभवान सिंह निवासी महालक्ष्मी नगर पूर्व डीएसपी जितेंद्रसिंह भदौरिया का बेटा है। उसकी तुकोगंज थाना क्षेत्र स्थित जंजीरवाला चौराहे पर होटल है। होटल में हंगामा करने पर अत्रभवान ने आरोपितों की होटल में एंट्री बंद कर दी थी। सोमवार को वह बायपास स्थित होटल प्राइड गया था
सोने की चेन व हीरे के टाप्स छीने
वहां आरोपित रणवीरसिंह नैकिया और भरतसिंह नैकिया ने रोक लिया और शराब के नशे में विवाद किया तथा अत्रभवान के साथ मारपीट कर दी। उसकी सोने की चेन और कान के टाप्स भी छीन लिए। अत्रभवान बचकर कार लेकर भागा, लेकिन आरोपितों ने शराब दुकान के पास रोककर दोबारा पीटा और कार में तोड़फोड़ कर दी। रात में फरियादी थाने पहुंचा, लेकिन पुलिस ने सामान्य धारा में केस दर्ज किया। लूट के मामले में लिखा कि टाप्स और चेन झगड़े में गिर गई।

Exit mobile version