हड़ताल के बाद अनाज मंडी में व्यापार शुरू, नया सोयाबीन आया

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

17 दिन की हड़ताल के बाद गुरुवार को अनाज मंडियों में व्यापार शुरू हुआ। सोयाबीन और गेहूं की 20 ट्रॉली की आवक हुई। वहीं सब्जी मंडी में प्याज की बंपर आवक 75 से 80 हजार बोरी की हुई। यह औसत से 2.5 गुना थी।
अत्यधिक आवक होने से चोइथराम मंडी के आसपास ट्रकों का जाम लग गया। रात से दोपहर 2 बजे तक राजीव गांधी प्रतिमा से लेकर चाणक्यपुरी चौराहे तक यातायात प्रभावित हुआ। इस दरमियान मप्र के 15 जिलों और महाराष्ट्र-गुजरात से 200-250 ट्रक उपज लेकर मंडी पहुंचे। मांग होने से गुरुवार को प्याज के भाव 16 से 23 रुपए प्रति किलो रहे। मंडी सचिव नरेश परमार ने बताया सब्जी मंडी में आवक के चलते संभवत: इस मंडी में भी अचानक आवक बढ़ी। शुक्रवार से स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।
इधर , छावनी अनाज मंडी और लक्ष्मीबाई नगर अनाज मंडी में भी नया सोयाबीन पहुंचा। कृषि उपज व्यापारी संघ मंत्री प्रवीण गर्ग ने बताया लक्ष्मीबाई नगर अनाज मंडी में सोयाबीन का मुहूर्त भाव 4791 रुपए प्रति क्विंटल मिला, वही छावनी मंडी व्यापारी संजय अग्रवाल के अनुसार छावनी परिसर में सोयाबीन का मुहूर्त भाव 4551 रुपए प्रति क्विंटल रहा।

Exit mobile version