शहर के चंदन नगर थाना क्षेत्र के धार रोड स्थित एक स्कूल को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। आरोपी ने मेल कर लिखा है कि, बम अलकायदा के पूर्व सदस्य द्वारा असेंबल किया गया है। बम 3 घंटे में फट जाएगा। जिसके बाद स्कूल संचालक ने पुलिस को सूचना दी। ईमेल 14 अप्रैल का बताया जा रहा है। वहीं मामले की जांच की जा रही है।
चंदननगर थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि, चंदन नगर थाना क्षेत्र के जवाहर टेकरी पर स्थित दिल्ली इंटरनेशनल स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। वहां पर स्कूल से जुड़े हुए एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के दौरान ऑफिस के मेल पर एक ईमेल आया था। जिसमें स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। मेल में अलकायदा का भी जिक्र किया गया था।
