स्कूली छात्रा को रास्ते में रोककर छेड़ा:ब्लेड से चेहरा बिगाड़ने की धमकी दी, दो माह से कर रहा था पीछा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के विजयनगर में 15 साल की एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना बुधवार की है। आरोपी ने छात्रा को पकड़ा और जबरदस्ती करने लगा। छात्रा ने विरोध किया तो उसे चेहरा बिगाड़ने की धमकी दे डाली।
विजयनगर पुलिस के मुताबिक 15 साल की छात्रा की शिकायत पर अमित पुत्र रघुनाथ भालसे पर छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। छात्रा ने बताया कि वह स्कूल में पढ़ाई करती है। दो माह से अमित स्कूल से आते-जाते समय उसे परेशान कर रहा है। पीड़िता राखी पर अपने ताऊजी के घर जा रही थी।

इसी दौरान आरोपी अमित ने उसे मालवीय नगर के रास्ते में रोका और हाथ पकड़ लिया। अमित छात्रा से बात करने के लिये दबाव बनाने लगा। आरोपी ने कहा कि वह बात क्यों नहीं करती। इस पर लड़की काफी डर गई और रोने लगी। जिसके बाद अमित ने हाथ छोड़ा ओर कहा कि अगर बात नहीं करेगी और घर वालों को कुछ बताएगी तो वह उसके चेहरे पर ब्लेड मारकर दोनों गाल बिगाड़ देगा। पीड़िता ने यह बात अपने परिवार को बताई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

हाथ पकड़ा, भाई और पिता को धमकी
एरोड्रम पुलिस ने भी बबलू ठाकुर निवासी जय भवानी नगर के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी ने 27 साल की पीड़िता को मंदिर के पास रोका और जबरदस्ती बात करने के लिये दबाव बनाया। पीड़िता ने यह बात भाई और पिता को बताई। जब दोनों ने बबलू से इस हरकत को लेकर बात की तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने छेड़छाड़ की धाराओं मे केस दर्ज किया है।

Exit mobile version