सिगरेट पीने की शिकायत शिक्षक से की, क्रोधित छात्र ने अन्‍य छात्र को चाकू मारकर मौत के घाट उतारा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
  • पुलिस के अनुसार मृत छात्र का नाम समर्थ कुशवाह निवासी काशीपुरी है।

इंदौर। शहर में एक नाबालिग छात्र ने अन्‍य छात्र की चाकू मारकर हत्‍या कर दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छात्र अपनी श‍िकायत किए जाने से क्रोधित था और गुस्‍से में आकर ही उसने छात्र को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के अनुसार मृत छात्र का नाम समर्थ कुशवाह निवासी काशीपुरी है।

पुलिस के अनुसार तुकोगंज थाना क्षेत्र के जंजीरवाला चौराहा के समीप स्वामी विवेकानंद स्कूल में सिगरेट पीने की शिकायत शिक्षक को करने से गुस्साए 11 वीं के छात्र ने 12 वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने आरोपित 17 वर्षीय नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार दोनों छात्र एक ही स्कूल में पढ़ते हैं। आरोपित छात्र स्कूल के बाहर सिगरेट पी रहा था। जिसकी शिकायत समर्थ ने शिक्षक को कर दी थी।

इसके बाद आरोपित ने समर्थ को बाहर मिलने के लिए बुलाया। यहां अन्य छात्र भी मौजूद थे। दोनों के बीच इस बात को लेकर विवाद हुआ। जिसमें आरोपित समर्थ को कहने लगा कि तूने मेरी सिगरेट पीने की शिकायत शिक्षक से क्यों की। इसके बाद आरोपित ने समर्थ को चाकू मार दिया। जिसके बाद अन्‍य लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

- Advertisement -
Exit mobile version