जीजा-साले ने बायपास पर की थी लूट, सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार।
इंदौर। कनाड़िया थाना पुलिस ने बायपास पर हुई लूट का खुलासा किया है। मामले में जीजा-साले की जोड़ी पकड़ी गई है। साजिश जीजा ने की थी। वह साले को शराब की पार्टी देना चाहता था। लूटा सामान, बाइक जब्त हो गई है।
घटना बिचौली मर्दाना क्षेत्र में 22 नवंबर की है। नेहा गुर्जर पति कमलेश के साथ बाइक से जा रही थी। वाइन शाप के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने उसका पर्स छीन लिया। पर्स में रुपये, मोबाइल और चांदी की पायल थी।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से ब्लू रंग की बाइक को चिन्हित किया और आरोपितों की पहचान कर ली। मामले में रोहित खटक को पकड़ा तो उसने बताया कि भोपाल में पत्रकार कालोनी में झोपड़ी में रहने वाला साला (नाबालिग) इंदौर आया था। उसे शराब पिलाने के लिए रुपयों की आवश्यकता थी। आरोपितों ने नेहा को जाते हुए देखा और पर्स छीन लिया।
