सांप के डसने से चार साल की बच्ची की मौत, पिता ने सांप को जलाकर मार डाला

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

घर में ही बिल बनाकर छुपा था सांप, बेटी की मौत से गुस्साए पिता ने सांप को निकालकर खेत में जला डाला।
इंदौर के नजदीक तिल्लौर क्षेत्र में सांप के डसने से चार साल की बच्ची की मौत हो गई। बेटी की मौत से गुस्साए पिता ने घर में ही बिल में छुपे सांप को निकालकर जला डाला।

बताया जाता है कि रविवार को बच्ची अंजलि को लेकर स्वजन ने खुड़ैल में डाक्टर को दिखाया। स्वजन समझे बच्ची को चूहे ने काट लिया है। डाक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को सांप के डसने से बचाने वाला इंजेक्शन लगाया। बच्ची को तेज बुखार आ रहा था। इस पर डाक्टरों ने उसे इंदौर के एमवाय अस्पताल भेज दिया, लेकिन इंदौर पहुंचने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

माता-पिता के पास सो रही थी बच्ची
पिता ने बताया कि सुबह जब बच्ची रोने लगी तो वे समझे कि वह नींद में चमक गई होगी। बच्ची का हाथ देखा तो उस पर काटने का निशान था। पहले हमें लगा कि चूहे ने काटा होगा। कुछ देर बाद उसे तेज बुखार आने लगा तो अस्पताल लेकर पहुंचे।

बिल में छुपा था सांप
एमवाय अस्पताल से घर जाने के बाद गुस्साए पिता ने सांप को ढूंढना शुरू किया। सांप घर में ही बिल बनाकर छुपा हुआ था। इसके बाद उन्होंने खुदाई कर सांप को बाहर निकाला और उसे डंडे से पीट-पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद उसे खेत पर लेकर पहुंचे और उसे जला दिया।

- Advertisement -
Exit mobile version