विदेशी सोना और सिगरेट के साथ इंदौर एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश का यात्री गिरफ्तार

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
  • उत्तर प्रदेश के यात्री इंदौर के रास्ते कर रहे तस्करी, दो दिन पहले भी उत्तर प्रदेश के एक यात्री को सोने के साथ इंदौर एयरपोर्ट पर पकड़ा था।
  • यात्री से 111.50 ग्राम सोना तथा साढ़े तीन हजार से ज्यादा सिगरेट (स्टिक) जब्त की गई है।
    एक सप्ताह में यह दूसरा मामला है, जब सोने की तस्करी करते उत्तर प्रदेश के यात्री को पकड़ा है।
    गुरुवार शाम दुबई से एयर इंडिया की उड़ान से इंदौर पहुंचा था यात्री। जांच में सोना और सिगरेट मिली।

इंदौर। विदेशी सोने की तस्करी का एक और मामला इंदौर एयरपोर्ट पर पकड़ा गया है। कस्टम विभाग की टीम ने दुबई से आ रहे यात्री के पास से सोने के साथ विदेशी सिगरेट भी बरामद की है। 111.50 ग्राम सोने के साथ ही साढ़े तीन हजार से ज्यादा सिगरेट (स्टिक) लेकर इंदौर एयरपोर्ट पर उतरा यात्रा मूलत: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले का रहने वाला है। सप्ताहभर के भीतर ही यह दूसरा मामला है, जब सोने की तस्करी करते हुए किसी को पकड़ा है। दोनों ही यात्रा उप्र के रहने वाले हैं।

कस्टम विभाग की टीम को एयर इंटेलीजेंस यूनिट की ओर से सूचना मिली थी। उसके बाद गुरुवार शाम दुबई से एयर इंडिया की उड़ान में इंदौर पहुंचे एक यात्री को एयरपोर्ट पर कस्टम की टीम ने रोककर तलाशी ली। पेंट की जिप के भीतर उसने 111.50 ग्राम सोना छुपाया था। प्लास्टिक की पतली पट्टीनुमा संरचना के भीतर सोने को पेस्ट के रूप में बदलकर रखा गया था। तीन दिन पहले भी एक यात्री को इसी तरह पेस्ट में बदलकर सोने की तस्करी करते पकड़ा था।

बैग में मिली इंडोनेशिया की 3840 सिगरेट
गुरुवार को पकड़े गए यात्री के बैग की तलाशी ली तो उसमें विदेशी सिगरेट भी बरामद हुई। कस्टम विभाग के अनुसार कुल 3840 सिगरेट मिली। ये सिगरेट इंडोनेशिया की थी। बरामद किए गए सोने का मूल्य छह लाख 250 रुपये आंका गया। यात्री से बरामद सोना और सिगरेट जब्त कर कस्टम एक्ट के कानूनों में कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version