विजय नगर थाने का मामला:भरी हुई पिस्टल लेकर थाने पहुंचा युवक बोला-पत्नी को मारना था, गोली नहीं चली

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

नगर निगम से जुड़े एक एनजीओ में काम करने वाला 48 वर्षीय पंकज बड़नेरे मंगलवार शाम 7 बजे विजय नगर थाने पहुंचा।
नगर निगम से जुड़े एक एनजीओ में काम करने वाला 48 वर्षीय पंकज बड़नेरे मंगलवार शाम 7 बजे विजय नगर थाने पहुंचा। उसके हाथ में एक पिस्टल थी, जो भरी हुई थी। उसने टीआई की टेबल पर पिस्टल रखी और बोला- पत्नी को मारने के लिए एक बदमाश से इसे खरीदा था, लेकिन यह चली ही नहीं। अब हत्या का विचार बदल गया है, मुझे ही गिरफ्तार कर लो। टीआई रवींद्र गुर्जर ने बताया कि मालवीय नगर निवासी पंकज ने बताया, पत्नी आए दिन माता-पिता से विवाद करती है।
उसे कई बार समझाया लेकिन गृह कलेश थम नहीं रहा था, इसलिए पत्नी की हत्या करने के लिए ये 14 हजार रुपए में पिस्टल और दो गोलियां ली थी। एक गोली चलाकर देखी, लेकिन जब पत्नी पर वार किया तो पिस्टल ही नहीं चली। टीआई ने उसकी काउंसलिंग भी की। पंकज ने उन्हें बताया कि पत्नी की हरकतों के कारण माता-पिता घर छोड़ने की बात कहने लगे हैं। जबकि मैं पत्नी के पैरों में अपना सिर रखकर भी उसे समझा चुका हूं। पुलिस ने पंकज पर अवैध हथियार रखने के मामले में केस दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। वहीं पिस्टल देने वालों की भी तलाश की जा रही है।

पत्नी को समझाने महिला एसआई को घर भेजा
टीआई ने महिला एसआई सीमा धाकड़ को पंकज के घर भेजा और उसकी भी काउंसलिंग करवाई। पत्नी को सख्त लहजे में माता-पिता की देख-रेख करने की समझाइश भी दी। दंपती के दो बच्चे हैं। उन्हें भी बताया कि कुछ भी गलत हो तो तत्काल सूचित करें।

Exit mobile version