इंदौर। भंवरकुआं थाने की पुलिस ने ऐसे बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जो बाहर से पढ़ने आए युवकों से अवैध वसूली करते थे। मुख्य आरोपित निगमकर्मी आकाश चौहान है। आरोपित ने एलएलबी के छात्र ध्रुव मिश्रा से 13 हजार रुपये ले लिए थे। टीआइ शशिकांत चौरसिया के मुताबिक, मूलत: सिंगरोली निवासी ध्रुव अंबिकापुरी स्थित आशीर्वाद होटल में रुका था। वह एलएलबी की तैयारी कर रहा है। 16 जुलाई की रात करीब 10 बजे दोस्त आकाश चौरसिया के साथ रूम में था तो एक लड़की आ गई। उसके पीछे-पीछे कुछ लड़के भी आ गए। आरोपितों ने ध्रुव व आकाश के फोन छीन लिए। दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी दी और रुपये मांगे।
शराब पिलाकर लड़की के साथ खींचे फोटो
टीआइ के मुताबिक, रुपये न देने पर आरोपितों ने शराब मंगवाई और जबर्दस्ती पिला दी। लड़की के साथ फोटो खींचे और कहा कि दुष्कर्म की रिपोर्ट लिखवाऊंगा। आरोपितों ने आनलाइन 13 हजार रुपये ले लिए। शनिवार को आकाश चौहान और सुजल को गिरफ्तार कर लिया। चीकू और पुनीत सरकार अभी फरार हैं।
