वन मंत्री का अजीबोगरीब बयान- बाघ कोई बदमाश नहीं जो उसे घेरकर पकड़ लें

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

बाघ हमारे घर नहीं आए, हम उनके घर में घुस गए, इसलिए खड़ी हुई समस्या, वन मंत्री ने अधिकारियों की ली बैठक।
महू क्षेत्र में बाघ के आतंक से हड़कंप मचा हुआ है। यहां बाघ ने एक चरवाहे का शिकार किया है। इस घटना के बाद से वन मंत्री विजय शाह भी हरकत में आ गए हैं। मंगलवार को इंदौर आकर उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अजीबोगरीब बयान दिया कि बाघ कोई बदमाश नहीं है कि उसे चारों तरफ से घेर लिया जाए, दबोच लिया जाए और फिर पकड़ लिया जाए। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि हम बाघ के क्षेत्र में घुसे हैं, ना कि वह हमारे क्षेत्र में आया है।

दरअसल, महू के पास मलेंडी में बाघ के शिकार से चरवाहे की मौत हो गई थी। इसके बाद से क्षेत्र में डर का माहौल बना हुआ है। इसके चलते वन मंत्री शाह ने विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि वाइल्ड लाइफ की सुरक्षा के साथ आमजन की सुरक्षा भी हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।

बाघ के रेस्क्यू के लिए चार टीमें गठित
वन मंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों को लोगों की सुरक्षा के लिए जल्द ही बाघ को पकड़ने के निर्देश दिए। इस पर डीएफओ नरेंद्र पंडवा ने कहा कि बाघ का रेस्क्यू करने के लिए चार टीमें गठित की गई है। पूरे क्षेत्र में सर्चिंग जारी है। एक-दो दिन में बाघ को रेस्क्यू कर लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि करीब डेढ़ महीने से बाघ का मूवमेंट आसपास के क्षेत्र में नजर आ रहा है। उसे कई बार सीसीटीवी कैमरे में भी देखा गया है।

Exit mobile version