लूडो गेम में हुए विवाद को लेकर युवक की हत्या करने वाले तीन हत्यारों को इंदौर जिला न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई। हत्यारों ने युवक पर डंडे और चाकू से हमला किया और उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग निकले। सूचना मिलने पर युवक के स्वजन मौके पर पुहंचे और उसे अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कोर्ट ने हत्यारों पर अर्थदंड भी लगाया है।
वारदात करीब दो वर्ष पुरानी है। हत्यारों के नाम अहमद रजा चिंटू पुत्र अब्दुल शाकिर, सरफराज पुत्र मुश्ताक अहमद, इरफान उर्फ चाचा पुत्र रहीम शेख तीनों निवासी खजराना हैं। जिला अभियोजन अधिकारी संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि खजराना निवासी फैज नामक युवक ने खजराना थाने पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका भाई आवेश अहमद उर्फ चांद दोस्त के साथ बाहर गया था। रात करीब 12 बजे उसके दोस्त ने आकर बताया कि तेरे भाई को चिंटू, सरफराज और इरफान ने लूडो गेम में हुए विवाद में चाकू तथा डंडे मारकर घायल कर दिया है।
स्वजन खुद लेकर पहुंचे थे अस्पताल
फैज और अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो सीमेंटेड रोड पर आवेश उर्फ चांद खून से लथपथ पड़ा था। वे लोग उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। श्रीवास्तव ने बताया कि इंदौर जिला न्यायालय ने प्रकरण में निर्णय सुनाते हुए तीनों हत्यारों को धारा 302 के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। आरोपितों पर 5500 रुपये अर्थदंड भी लगाया गया है। प्रकरण में अभियोजन की ओर से अपर लोक अभियोजक सरस्वती यादव ने पैरवी की।
