रविवार को बारिश ने इंदौर के लोगों को दी राहत, इस मानसून सीजन में अब तक 44 इंच बरसा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

रविवार को शहर में वर्षा से भले ही लोगों को राहत मिली, लेकिन रहवासी क्षेत्रों में जलजमाव व ड्रेनेज समस्या के कारण लोग परेशान होते रहे।

पिछले दो दिन से इंदौर में घनघोर वर्षा के बाद बादलों ने रविवार को राहत दी। दिनभर बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी हुई। एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र पर रविवार शाम 5.30 बजे तक पिछले नौ घंटे में 6.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं रविवार सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटे में 144 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई।

रविवार सुबह शहर में बादल छाए और हल्की वर्षा होती रही। रविवार सुबह 8 बजे तक पिछले 40 घंटों में शहर के रीगल क्षेत्र में 394 मिलीमीटर (करीब 16 इंच) बारिश दर्ज हुई। वहीं एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र पर सुबह 8.30 बजे तक विगत 39 घंटे में 301 मिमीमीटर (12 इंच) दर्ज हुई। शहर में रविवार सुबह धुंध का असर रहा और न्यूनतम द्श्यता एक हजार मीटर तक भी पहुंची। पिछले तीन दिनों से बादल व वर्षा के कारण धूप न निकलने का असर दिन के तापमान पर दिखा और अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम 22.6 डिग्री दर्ज किया गया।

जलजमाव से परेशान होते रहे लोग
साेमवार को भी शहर में वर्षा की संभावना को देखते हुए इंदौर कलेक्टर ने जिले के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया। रविवार को शहर में वर्षा से भले ही लोगों को राहत मिली, लेकिन रहवासी क्षेत्रों में जलजमाव व ड्रेनेज समस्या के कारण लोग परेशान हुए। दिनभर नगर निगम की टीमें सुधार कार्य में जुटी रही। रविवार को देपालपुर में चंबल नदी का पानी बढ़ने पर एसडीईआरएफ की टीम ने 60 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

- Advertisement -

मानसून सीजन में अब तक – 1137 मिमी
औसत से अधिक – 207.7 मिमी
सितंबर माह में अब तक – 508.2 मिमी
औसत से अधिक – 325.8 मिमी

Exit mobile version