30 वर्षीय युवक मुंबई के फेमस यूट्यूबर शादाब अली को फालो करता था।
लाइव ट्रेडिंग की आड़ में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने काल सेंटरकर्मी की शिकायत पर केस दर्ज किया है। आरोपितों ने फेमस यूट्यूबर से विज्ञापन का वीडियो बनाया था। फालोअर्स ने यूट्यूबर पर विश्वास कर रुपये निवेश किए।
खजराना पुलिस के मुताबिक 30 वर्षीय युवक मुंबई के फेमस यूट्यूबर शादाब अली को फालो करता था। कुछ दिनों पूर्व उसने शादाब का वीडियो देखा, जिसमें उसने कहा कि रितेश तनीशा पर विश्वास कर लाइव ट्रेडिंग कर सकते हैं। युवक इंस्टाग्राम आइडी पर रितेश तनीशा से जुड़ा और शुरुआत में दो हजार रुपये लगाए। आरोपितों ने 9999 रुपये मुनाफा बताया। आरोपितों ने कहा कि रुपये निकालने के लिए सात हजार रुपये मांगे। रुपये जमा करवाने पर कहा कि मुनाफा 60 हजार रुपये हो गया है, लेकिन इसके लिए जीएसटी और अन्य प्रक्रिया के नाम पर आरोपितों ने रुपये मांगे। इस तरह झांसेबाजी कर आरोपितों ने कुल 98 हजार रुपये ले लिए।
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने आरोपित पकड़े
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को फोरेक्स ट्रेडिंग फर्जीवाड़े में दो आरोपितों को पकड़ा। पुलिस ने पिछले दिनों धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। प्रारंभिक छापे में आरोपित रितेश और कौशल पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। पुलिस आरोपितों के बैंक खातों की भी जानकारी जुटा रही है।
