मारपीट का बदला लेने आए बदमाशों ने घर-दुकान में की तोड़फोड़, महिलाओं-बच्चों को अड़ाए चाकू

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read
  • नरवल कांकड़ में रातभर उत्पात मचाया, पुलिस ने चार आरोपितों को मौके से पकड़ा।
  • पहले एमआर-10 स्थित शराब दुकान पर नरवल कांकड़ के कुछ लोगों ने विक्रम राजपूत से मारपीट की थी।
  • इसके बाद विक्रम अपने 15 साथियों को लेकर नरवल कांकड़ पहुंचा और जो सामने आया उसकी पिटाई की।
  • आरोपितों ने एक दुकान में घुसकर गल्ला से रुपये भी निकाल लिए। पुलिस ने मामूली धाराओं में केस दर्ज किया।

इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित नरवल कांकड़ में बदमाशों ने रातभर उत्पात मचाया। दुकान और घरों में तोड़फोड़ कर दी। दुधमुंहे बच्चे और महिलाओं पर चाकू अड़ाए। पुलिस ने चार लोगों को पकड़ लिया है। हालांकि, सामान्य धाराओं में ही एफआइआर दर्ज की गई है।

विवाद की शुरुआत रविवार रात एमआर-10 स्थित शराब की दुकान से हुई थी। पानी सप्लाई करने वाले दिनेश चौहान का विक्रम राजपूत से शराब की बोतल गिर जाने पर विवाद हुआ था। दिनेश के बेटे चेतन, शुभम आदि ने मारपीट कर दी। दोनों पक्ष थाने पहुंचे लेकिन एफआइआर दर्ज नहीं करवाई। सोमवार रात आरोपित विक्रम अपने साथी लोकेश शर्मा, छोटू नेपाली सहित करीब 15 लोगों के साथ नरवल कांकड़ पहुंचा और जो सामने आया उसे पीटा।

आरोपितों ने घर के बाहर रखी पानी की प्लास्टिक की टंकी में चाकू मारकर तोड़ दी।
दिव्यांग को पीटा, दुधमुंहे बच्चे को चाकू अड़ाया
आरोपितों ने दिनेश चौहान के घर में तोड़फोड़ कर दी। उसकी पत्नी संगीता से अभद्रता की और दुकान में घुसकर गल्ले से रुपये निकाल लिए। चेतन के मुताबिक, आरोपितों के हाथ में चाकू, हाकी, बैसबाल के बल्ले और डंडे थे।आरोपितों ने किरायेदार लाखन सिंह का सामान भी फेंक दिया, जबकि वह दिव्यांग है। कालोनी में रहने वाले सुनील चौरे, रामबाबू के घर में तोड़फोड़ कर डाली। बुआ संतोष बाई के यहां पथराव किया। पड़ोसी अजय के घर में घुसे और उसकी पत्नी को धमकाया। दुधमुंहे बच्चे पर चाकू अड़ाया और शुभम के बारे में पूछा।
आरोपितों ने संगीता चौहान से बदतमीजी की और दुकान में घुसकर गल्ले से रुपये निकाल लिए।

रिपोर्ट लिखवाई तो फिर हमला किया
चेतन ने टीआइ को काल लगाया और बताया कि बदमाश उत्पात मचा रहे हैं। मौके पर जवान पहुंचे और चार लोगों को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। आरोपित लोकेश ने भी शुभम, दिनेश और चेतन के खिलाफ रिपोर्ट लिखवाई है। घटना के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिले है। चेतन ने आरोप लगाया कि आरोपितों के पास चाकू थे। उन्होंने चाकू से पानी की टंकी फाड़ दी। रिपोर्ट लिखवाने गए तो पीछे से दोबारा हमला हुआ। डर के कारण रातभर दूसरों के घरों में सोना पड़ा। आरोपित तड़के चार बजे वापस गाड़ियां भरकर आए और उनके बारे में पूछताछ की। कालोनी में रहने वाला जितेंद्र मिला तो उसको चाकू दिखाकर धमकाया।

- Advertisement -

रात में हंगामे के बाद मंगलवार को भी नरवल कांकड़ के लोगों में दहशत रही।

Exit mobile version