दो कट्टों सहित 11.35 लाख रुपये बरामद। एक आरोपित पर विभिन्न राज्यों में 22 केस दर्ज हैं।
बदमाश तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर डकैती डालने की कोशिश में थे।
खंडवा रोड स्थित ईको गार्डन के पास एक कार से तीन बदमाशों को पकड़ा।
ये बदमाश दोस्तों व रिश्तेदारों के साथ गैंग बनाकर वारदात करते हैं।
इंदौर। शहर के तेजाजी नगर थाना पुलिस ने डकैती की साजिश करने वाले अंतरराज्यीय गैंग को पकड़ा है। इनके पास से दो देसी कट्टों सहित लाखों रुपये भी बरामद किए गए हैं। मेवाती गैंग से जुड़े ये बदमाश पेट्रोल पंप में डकैती डालने की कोशिश में थे, तभी पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया। ये महाराष्ट्र में एटीएम कटिंग की घटना के बाद इंदौर में डकैती की साजिश कर रहे थे।
पुलिस टीम ने मंगलवार को खंडवा रोड स्थित ईको गार्डन के पास दबिश दी। एक कार में तीन बदमाशों को पकड़ा। इनके दो साथी फरार हो गए। इनके पास से दो देसी कट्टे, एक धारदार चाकू और 11.35 लाख रुपये मिले हैं, साथ ही गैस कटर, टामी जैसे अन्य औजार भी बरामद हुए। आरोपित फारुख खान निवासी मुदियाखेड़ा जिला अलवर (राजस्थान), सद्दाम हुसैन निवासी नलेड़ जिला नूह ग्राम (हरियाणा), राबिन खान निवासी अलीमेव जिला पलवल (हरियाणा) को गिरफ्तार किया गया।
दोस्तों व रिश्तेदारों के साथ गैंग बनाकर करते हैं वारदात
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया है कि ये बदमाश महाराष्ट्र, हरियाणा और राजस्थान में विभिन्न स्थानों पर दोस्तों व रिश्तेदारों के साथ गैंग बनाकर आपराधिक गतिविधियां करते हैं। इनके अपराधिक इतिहास के बारे में खंगाला जा रहा है। आरोपित सद्दाम के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में 22 अपराध पंजीबद्ध हैं।
