महापौर भार्गव 27 अप्रैल को पेश करेंगे नगर निगम का बजट

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

महापौर पुष्यमित्र भार्गव 27 अप्रैल को नगर निगम का वित्तीय वर्ष 2023-24 का बजट पेश करेंगे। बजट सम्मेलन सुबह 11 बजे ग्रांड हॉल ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर स्कीम 78 में होगा। सम्मेलन में बजट के अलावा महापौर परिषद द्वारा स्वीकृत 29 प्रस्तावों पर भी विचार किया जाएगा।निगम का बजट इस वर्ष भी पिछले वर्ष की तरह 7400 करोड़ रुपये से ज्यादा का होगा। यह बजट चुनावी बजट होगा। इसमें कोई नया कर लगाने का प्रविधान नहीं रहेगा। हालांकि, कुछ करों की दरों में बदलाव जरूर होगा। निगम इस वर्ष से कुछ आवेदनों के शुल्क में भी बदलाव कर रहा है। इसके अलावा निगम में शामिल कुछ कालोनियों की श्रेणी में भी बदलाव किया जाएगा।

सम्मेलन में इन प्रस्तावों पर होगा विचार
क्रांतिसूर्य टंट्या भील की प्रतिमा स्थापित करने, महर्षि श्री अरविंद के नाम पर सड़क का नाम करने, पंचम की फैल का नाम संत बालीनाथ किए जाने, संत रविदास की प्रतिमा लगाए जाने, चंदन नगर चौराहे का नाम चंद्रशेखर आजाद चौराहा करने, नौलखा चौराहा से छावनी जीपीओ चौराहा तक की सड़क का नाम काली बाड़ी रोड़ करने, खातीवाला टैंक स्थित खेल मैदान का नाम स्व. लक्ष्मणसिंह गौड़ खेल मैदान करने, कृषि महाविद्यालय के सामने वाले चौराहे का नामकरण कृषि विज्ञानी स्व.डा. सुभाषचंद्र व्यास करने, चेंबर निर्माण के दौरान घटित दुर्घटना में मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता राशि भुगतान करने आदि पर विचार होगा।

इन पर भी होगा मंथन
इसके अलावा आदर्श योग केंद्र बनाने, वर्कशाप विभाग में वाहनों के संधारण, पार्टस के लिए पांच करोड़ रुपये पुनर्वियोग करने, पालदा क्षेत्र में टंकी निर्माण एवं पाइप लाइन डालने, आउटसोर्स पर मानव संसाधन उपलब्ध कराने के लिए एजेंसी तय करने, भू-स्वामी के अधिकारी (फ्री होल्ड) पर आवंटित करने, राऊ सर्कल से डीपीएस स्कूल तक सड़क निर्माण करने, अन्नपूर्णा रोड़ से रिंगरोड़ को जोड़ने वाली सड़क का विकास कार्य करने, कान्ह नदी शुद्धिकरण के लिए चाणक्यपुरी से राजमोहल्ला तक प्रयामरी सीवर लाइन डालने और कालोनियों की सीवर लाइन को जोड़ने, नमामि गंगे परियोजना के तहत सीवरेज संबंधित कार्यों के लिए कंसल्टेंट नियुक्त करने के संबंध चर्चा की जाएगी।

Exit mobile version