- तेंदुए के हमले के बाद बुजुर्ग को इलाज के लिए मध्यभारत अस्पताल ले जाया गया।
महू तहसील के घोड़ाखुर्द में मवेशी चराने गए बुजुर्ग पर तेंदुए ने हमला कर दिया जिसमें बुजुर्ग को पैरों में चोट आई है। घटना के बाद घायल को मध्यभारत अस्पताल लाया गया। बुजुर्ग के पास कुल्हाड़ी होने से उसने तेंदुए को भगा दिया और अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार घटना रविवार देर शाम को घोड़ाखुर्द के जंगल में हुई जहां मांगलिया बोरखेड़ी निवासी 65 वर्षीय मानसिंह इगोरिया मवेशियों को जंगल में चराने ले गया था।
तभी अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए ने तुरंत मानसिंह का पैर पकड़ लिया। जिस पर मानसिंह ने अपने हाथ में रखी कुल्हाड़ी से तेंदुए पर हमला किया और उसे भगाया। इसके बाद उसने घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी।
जिसके बाद उसे इलाज के लिए मध्यभारत अस्पताल ले जाया गया। मानसिंह के पैरों में मामूली चोट आई है। दूसरी ओर घटना के बाद वन विभाग ने मानसिंह से घटना की पूरी जानकारी ली। साथ ही पंचनामा बनाया। वन विभाग अधिकारी तेंदुए के पगमार्क और बाकी की जांच कर रहा है।
